Tuesday, March 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकेंद्रीय गृह सचिव ने वीडियो काॅन्फ्रेसिंग के जरिए की एनसीआर में कोरोना...

केंद्रीय गृह सचिव ने वीडियो काॅन्फ्रेसिंग के जरिए की एनसीआर में कोरोना की समीक्षा

मेरठ (हि.स.)। कोरोना आपदा के नियंत्रण के लिए एनसीआर क्षेत्र में प्रभावी कदम उठाये जा रहे है। बुधवार को केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने एनसीआर के अधिकारियों के साथ वीडियो काॅन्फे्रंसिंग के माध्यम से कोरोना नियंत्रण की समीक्षा की। उन्होंने आगामी त्यौहारी सीजन को देखते सतर्कता बरतने की हिदायत दी।
मेरठ में बुधवार को मंडलायुक्त अनीता सी मेश्राम, मेरठ डीएम के बालाजी, सीएमओ डाॅ. राजकुमार ने केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला की वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग में भाग लिया। गृह सचिव ने कहा कि सभी प्रशासनिक अधिकारियों, चिकित्सकों, कर्मचारियों व पैरामेडिकल स्टाफ ने कोरोना महामारी के नियंत्रण में लगन व निष्ठा से कार्य किया है। कोरोना को प्रभावी तरीके से समाप्त करने के लिए अस्पतालों से निकलने वाले बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण की भी समुचित व्यवस्था की जाए। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने आईसीएमआर के संपर्क में रहने व कंटेनमेंट जोन में प्रभावी ढग से माॅनीटरिंग करने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि मास्क न पहनने पर दिल्ली मेट्रो में 2300 चालान किए गए हैं। नीति आयोग के सदस्य डाॅ. वीके पाॅल ने कहा कि कंटेनमेंट जोन में और अधिक सजगता से कार्य करें। कान्ट्रेक्ट ट्रेसिंग को ठीक प्रकार से माॅनीटरिंग किया जाए।उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कहा कि 30 सितम्बर तक उत्तर प्रदेश में कोरोना की जांच के लिए एक करोड़ टेस्ट कर लिए जाएंगे। आगामी त्यौहारी सीजन को देखते हुए उत्तर प्रदेश में सजगता से कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में करीब पांच हजार से ज्यादा लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को शारीरिक दूरी का पालन करने, मास्क व सेनेटाइजर का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रदेश में करीब 20 हजार कंटेनमेंट जोन की माॅनीटरिंग की जा रही है।आयुक्त मेरठ मंडल अनीता सी मेश्राम ने बताया कि मंडल के चार जिलों मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर व बागपत में सितम्बर के प्रथम सप्ताह से केस बढ़ने शुरू हुए हैं। अब तक मंडल में कराए गए कोरोना टेस्ट में 60 प्रतिशत एंटीजन व 40 प्रतिशत आरटीपीसीआर है। मंडल के मेरठ, गाजियाबाद व गौतमबुद्ध नगर में आरटीपीसीआर लैब स्थापित है। मेरठ  मंडल में सर्विलांस को बढाया गया है। प्राइवेट अस्पतालों के बाहर मोबाइल वैन से टेस्टिंग करायी जा रही है। नगरीय निगरानी समिति भी कार्य कर रही है। एम्बुलेंस व ऑक्सीजन भी पर्याप्त है। मरीजों को होम आईसोलेशन में रखा गया है और उनसे नियमित संपर्क किया जा रहा है। इंटीग्रेटेड कोविड एंड कमांड सेन्टर भी मंडल के प्रत्येक जनपद में प्रभावी ढग से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मृत्युदर में कमी लाने के प्रयास किये जा रहे है। अगले दो-तीन दिन में प्राइवेट अस्पताल को कब और किस स्थिति में मरीज को मेडिकल कालेज रेफर करना है, इस संदर्भ में कार्यशाला आयोजित होगी। अगले छह महीने की कार्ययोजना बनाकर उस पर भी अमल कराया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular