-भारी मात्रा में ई स्मार्ट कार्ड व नकदी बरामद
कुशीनगर (हि. स.)। कुशीनगर जिले की पुलिस ने टूर ट्रैवेल्स के नाम पर चल रहे फर्जी आरटीओ आफिस का भंडाफोड़ किया है। जहां वाहनों के फर्जी कूटरचित सरकारी कागजात,ड्राईविंग लाइसेंन्स,स्मार्ट कार्ड,आरसी इस तरह तैयार किये जाता था कि अधिकारी भी जांच में पकड़ नही पाते थे। गैंग के गिरफ्तार तीन सदस्य फर्जी दस्तावेज तैयार करने में इस कदर माहिर थे कि गाड़ियों को पास कराने के लिए आर्मी मूवमेंट आर्डर तक तैयार कर देते थे। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में ई-स्मार्ट कार्ड मय चिप व इलेक्ट्रानिक उपकरण सहित अपराध से अर्जित पचास हजार रुपया नगद बरामद किया गया है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने पत्रकारों को इस आशय की जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर साइबर सेल व थाना तरयासुजान तथा थाना तमकुहीराज की संयुक्त पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।आरोपी तमकुहीराज में टूर व ट्रैवेल्स का आफिस खोलकर फर्जीवाड़ा का कार्य कई सालों से कर रहे थे। गैंग के सदस्यों की पहचान रफीक अहमद पुत्र मोहम्मद खलील साकिन ग्राम तिलंगवापट्टी बाँसगाँव थाना विशुनपुरा जनपद कुशीनगर,अनिल सिहं पटेल पुत्र सुभाष पटेल साकिन परसौनी बुजुर्ग कौव्वापट्टी थाना तमकुहीराज जनपद कुशीनगर, राजा पटेल उर्फ अभिषेक पुत्र हरेराम पटेल साकिन परसौनी बुजुर्ग कौव्वापट्टी थाना तमकुहीराज जनपद कुशीनगर के रुप में हुई है।
इनके पास से 60 अदद फर्जी स्मार्ट ड्राइविंग लाइसेंस, 60 अदद आरसी, 426 अदद पीवीसी स्मार्ट कार्ड चिप सहित , 174 अदद पीवीसी स्मार्ट कार्ड, 28 अदद सरकारी मोहर , 7 अदद मोबाइल फोन, 3 अदद लैपटाप , 4 अदद प्रिन्टर मय स्कैनर , 3 अदद पेनड्राइव , 4 अदद कार्ड रिडर , 1 अदद डाई कटर , 5 अदद कूटरचित आर्मी मूवमेन्ट आर्डर , 16 अदद आरसी फार्ड,23 अदद मय मुहर सिग्नेचर सहित प्रिन्टेड, 23 अदद आल इंडिया परमिट , 10 अदद फिटनेस , 2 अदद चालान , 50 अदद नेशनल परमिट के सादे पीले कागजात , 2 अदद मोटरसाइकिल, पचास हजार नगद की बरामदगी हुई।
एसपी ने बताया कि बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर थाना स्थानीय पर आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं सहित 66 डी आइटी एक्ट पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
गोपाल
