Saturday, February 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर में पर्यटन विकास के लिए 14 करोड़ की योजना पर लगी...

कुशीनगर में पर्यटन विकास के लिए 14 करोड़ की योजना पर लगी मुहर

कुशीनगर के पर्यटन विकास के लिए 14 करोड़ की योजना पर लगी मुहर


कुशीनगर। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की मौजूदगी व आयुक्त गोरखपुर जयंत नार्लीकर की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कसाडा बोर्ड की बैठक में पर्यटन विकास की 14 करोड़ की योजनाओं पर मुहर लगी। 
 कुशीनगर के एक होटल में कुशीनगर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (कसाडा) बोर्ड की बैठक में कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को लेकर कटिबद्ध है। इससे कोई समझौता नहीं किया जाएगा। विकास कार्य में लगे अधिकारी शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करें। 
 आयुक्त ने कहा कि बिना आय स्रोत सृजित किए विकास संभव नहीं है। उन्होंने कसाडा का लैंड बैंक सृजित करने व आय बढ़ाने पर जोर दिया। उपस्थित सभी विभाग के अधिकारियों को विकल्प तलाशने का निर्देश दिया। नगरपालिका से गृह कर की वसूली नहीं किए जाने की जानकारी मिलने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए ईओ प्रेमशंकर गुप्त को कड़ी फटकार लगाई। वसूली तत्काल कराने का निर्देश दिया।
  बैठक में चल रही विकास परियोजना करूणा सागर, हिरण्यवती सफाई, पाथ-वे निर्माण, पथ प्रकाश आदि की समीक्षा की। लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने का निर्देश देते हुए कमिश्नर ने कहा कि निर्धारित अवधि के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाह अधिकारी अपने सुधार करें वरना कार्रवाई तय है। वर्ल्ड बैंक के सहयोग से प्रो-पूअर टूरिज़म डेवलपमेंट के तहत पूर्व में जीर्णोद्धार के लिए चयनित बौद्ध वन पार्क विपश्यना केंद्र और राजकीय बौद्ध संग्रहालय के लिए डीपीआर तैयार कर योजना को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। चार नया पर्यटन विकास कार्य ग्राम मधुरिया के निकट कुकुत्था रिवर फ्रंट का विकास, होटल पथिक निवास का उच्चीकरण, फ़ास्ट फूड सेंटर, टायलेट ब्लाक व पार्किंग का उच्चीकरण और पर्यटक सूचना केंद्र व विजिटर सेंटर का निर्माण आदि परियोजनाओं पर मुहर लगी। इसके लिए लगभग 14 करोड़ रुपए का आकलन किया गया। 
 डीएम भूपेश एस चौधरी, सीडीओ अन्नपूर्णा गर्ग, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण वोहरा, उपनिदेशक पर्यटन अनूप कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी रवींद्र कुमार, वर्ल्ड बैंक टीम के सदस्य, आर्कीटेक्ट एसोसिएट मैत्रेय, मैनेजिंग डायरेक्टर दीपक कुमार राय आदि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular