-शांति भंग की आशंका पर एसडीएम के आदेश पर हुई कार्रवाई
कुशीनगर (हि. स.)। जिले के कसया थाना क्षेत्र के बैरिया गांव में स्थित दो मकानों के स्वामित्व को लेकर चल रहे विवाद में शांति भंग की आशंका के चलते पुलिस ने मंगलवार को कुर्क कर लिया। कुर्की जब्ती की यह कार्रवाई ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा के निर्देश पर हुई।
इसके पूर्व 24 मई को मकान कुर्क करने गई पुलिस टीम बैरंग वापस लौट आई थी। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा ने कसया के पूर्व एसडीएम वरुण कुमार पांडेय के 13 मई के न्यायिक आदेश के अनुपालन में मौके पर गई पुलिस टीम को आदेश की समीक्षा होने तक क्रियान्वयन रोक दिया था। पुनः ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने एसडीएम के आदेश की समीक्षा की तो तथ्य सही पाए गए। जिसके बाद मंगलवार को पुलिस ने आदेश का अनुपालन करते हुए कुर्की जब्ती की प्रक्रिया पूरी की।
एसडीएम न्यायालय ने यह आदेश संजीव कुमार मिश्र व दुर्गा देवी, रविन्द्र, अमृतांशु, गीता, भारतम्बर आदि के वाद में दिया था। वादी संजीव मिश्र ने अपर जिला न्यायालय में मकान के स्वामित्व व कब्जेदारी के चल रहे मुकदमे का हवाला देते हुए कभी भी शांति भंग की आशंका जताई थी। तत्कालीन एसडीएम ने स्थलीय रिपोर्ट व पुलिस रिपोर्ट मंगाने के बाद दोनों पक्षों को सुना और पुलिस को मकान कुर्क करने का आदेश दिया था। सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक चली करवाई के दौरान एस आई संतोष कुमार,एस आई चन्दन मौर्या, कांस्टेबल संदीप सिंह यादव, रविन्द्र कुमार,राजू कुमार, आशीष कुमार गौतम, महिला कांस्टेबल प्रिया सिंह,पूनम आदि मौजूद रहे। पुलिस टीम कुर्क करने के बाद मकान व सामान गांव के ही वशिष्ठ मणि त्रिपाठी उर्फ पंडित को सुपुर्द कर दिया।
गोपाल
