बिना अनुमति निकल रही अहिल्याबाई जयंती शोभायात्रा को पुलिस ने रोका

मेरठ (हि.स.)। लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर के 297वें जन्मोत्सव पर मंगलवार को मेरठ में कई स्थानों पर शोभायात्रा का आयोजन किया गया। दौराला में बिना अनुमति निकल रही अहिल्याबाई की जयंती शोभायात्रा को पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान लोगों ने जमकर हंगामा किया। मेरठ शहर में भी बिना अनुमति पुलिस ने शोभायात्रा नहीं निकालने दी।

देवी अहिल्याबाई होल्कर के जन्मोत्सव पर मंगलवार को सरधना क्षेत्र के कुलंजन, तेहरकी आदि गांवों में पाल समाज द्वारा शोभायात्रा निकाली गई। कई गांवों से होकर यह शोभायात्रा सरधना से दौराला चौराहे पर पहुंची तो वहां पर इंस्पेक्टर दौराला रमाकांत पचौरी ने उसे रोक लिया। डीजे, बैंड बाजे के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में पाल समाज के लोग सवार थे। इंस्पेक्टर ने आयोजकों से यात्रा की अनुमति दिखाने को कहा। इसे लेकर पुलिस और शोभायात्रा के आयोजकों में कहासुनी होने लगी। अनुमति नहीं दिखाने पर पुलिस ने शोभायात्रा में शामिल डीजे बंद करवा दिए और सभी वाहनों को वापस लौटाने लगी। यह देखकर लोगों ने हंगामा कर दिया तो वाहनों को जबरन निकालने का प्रयास किया। इस पुलिस ने लोगों को दौड़ा लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि बिना अनुमति शोभायात्रा निकालने से लोगों को रोका गया। इसी तरह से मेरठ शहर में भी बिना अनुमति शोभायात्रा निकाली गई। पाल समाज के हजारों लोगों ने बाइक, ट्रैक्टर-ट्रॉली, गाड़ियों में पीली झंडी लगाकर शोभायात्रा निकाली। इस दौरान जोरदार नारेबाजी की गई। बताया जाता है कि यह शोभायात्रा भी बिना अनुमति के निकाली गई। इस कारण शहर में कई जगह जाम लग गया। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि कई जगह पर बिना अनुमति शोभायात्राएं निकाली गईं। इनके कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। इन मामलों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

कुलदीप

error: Content is protected !!