Sunday, September 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर के शहीद पार्क में मना आजादी अमृत महोत्सव, शहीदों पर लगी...

कुशीनगर के शहीद पार्क में मना आजादी अमृत महोत्सव, शहीदों पर लगी छाया चित्र प्रदर्शनी

कुशीनगर(हि. स.)। आजादी अमृत महोत्सव के अवसर पर सोमवार को कुशीनगर के राजकीय बौद्ध संग्रहालय में चौरी-चौरा कांड शताब्दी वर्ष पर छाया चित्र प्रदर्शनी आम जन के अवलोकनार्थ लगाई गई। दूसरी तरफ नगर के शहीद पार्क में समारोहपूर्वक शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शासकीय कर्मचारियों, एनसीसी व स्काउट गाइड कैडेटों ने प्रभातफेरी निकाल कर शहीदों के कृतित्व को नमन किया। शहीदों के वंशजों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।

छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ बुद्ध पीजी कालेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने किया। उन्होंने कहा कि चौरीचौरा कांड का भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन पर बड़ा असर पड़ा। आंदोलन के चलते अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष की आंच देश के सुदूर गांवों तक पहुंच गई थी। प्रदर्शनी में चौरी-चौरा आंदोलन की पृष्ठभूमि, थाना फूंकने की घटना और आंदोलन में फांसी की सजा पाए शहीदों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्रों को प्रदर्शित किया गया।

संग्रहलयाध्यक्ष डॉ.अमित कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्रदर्शनी 13 अगस्त तक छात्रों, एनसीसी व स्काउट गाइड कैडेटों व जन सामान्य के अवलोनार्थ जारी रहेगी। कसया स्थित शहीद पार्क में नगरपालिका प्रशासन ने अमृत महोत्सव का आयोजन किया। प्रभातफेरी में नगरपालिका अध्यक्ष साबिरा खातून के नेतृत्व में समस्त अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए। शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने आजादी की लड़ाई की विस्तार से चर्चा की।

अधिशासी अधिकारी प्रेमशंकर गुप्त ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि 12 मार्च 1930 को महात्मा गांधी ने नमक सत्याग्रह की शुरूआत की थी। 2020 में 91 वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साबरमती आश्रम से महोत्सव की शुरूआत पद यात्रा को हरी झंडी दिखाकर की थी। यह कार्यक्रम 15 अगस्त 2023 तक चलेगा। नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि कैफुल अली ने कहा कि आजादी की लड़ाई में गांधी के नमक सत्याग्रह की बड़ी भूमिका है।

सीओ पीयूषकांत राय ने कहा कि चौरा चौरी कांड ने आजादी के आंदोलन को मजबूती दी और पूरे देश में जन जागृति पैदा की। कार्यक्रमों में संग्रहालय अधीक्षक धनन्जय राय, नपा वरिष्ठ लिपिक ब्रजेश गौतम, कर्मचारी संघ के वरिष्ठ नेता श्रवण तिवारी,तेजप्रताप शुक्ल आदि ने सहभागिता की।

RELATED ARTICLES

Most Popular