Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर एयरपोर्ट से उड़ान की हर बाधा की जाएगी दूर- डीएम

कुशीनगर एयरपोर्ट से उड़ान की हर बाधा की जाएगी दूर- डीएम

कुशीनगर (हि. स.)। कुशीनगर के नए डीएम एस राजलिंगम ने इंटरनेशनल एयरपोर्ट का बुधवार की शाम निरीक्षण किया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा एवं एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के अधिकारियों के साथ हेड से टेल तक भ्रमण कर उनसे एक-एक बिंदुओं की जानकारी ली। चल रहे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। 
उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट से उड़ान में आने वाली हर एक बाधा दूर करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। डीएम ने पुराने अपग्रेड टर्मिनल बिल्डिंग के निरीक्षण के दौरान बने पार्क को और विकसित करने को कहा। नए इंटरनेशनल टर्मिनल बिल्डिंग के निर्माण के बावत पूछा तो कार्यदायी संस्था वेस्टर्न आउट डोर के अधिकरियों ने एक माह में निर्माण कार्य पूर्ण कर लेने का दावा किया। बताया कि इसका निर्माण जनवरी में ही हो जाना था पर जल जमाव के कारण विलंब हुआ है। 
डीएम ने पुराने टर्मिनल बिल्डिंग को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाले संपर्क मार्ग के काफी पतला बताया और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट से नए टर्मिनल को फोरलेन पहुंच मार्ग को बनवाने में आ रही अड़चनों को शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने मैप के माध्यम से विस्तारीकरण की जद में आ रहे प्रभावित मकानों की स्थिति जानी तो एटीसी बिल्डिंग, फायर बिग्रेड, रन-वे, एप्रन, बिजली घर आदि का भी निरीक्षण किया। 
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट बोरा ने उन्हें बताया कि एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए एक इंस्पेक्टर, दो एसआई और लगभग दो दर्जन कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। पत्रकारों से वार्ता में डीएम ने कहा कि डोमेस्टिक उड़ान के लिए एयरपोर्ट रेडी है। अंतरराष्ट्रीय उड़ान में आने वाली बाधाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। 

RELATED ARTICLES

Most Popular