लखनऊ(हि.स.)। भारत की आजादी की 75वीं वर्षगॉठ के अवसर पर 13 अगस्त से 15 अगस्त के मध्य वन विभाग द्वारा पिकनिक स्पॉट कुकरैल लखनऊ में उत्तर प्रदेश के स्वतत्रंता संग्राम सेनानियों के जज्बे को महसूस कराने उनकी जीवटता को बताने तथा उनकी निडरता का एहसास कराने के लिए साहसिक खेलों का आयोजन कर रहा है।
साहसिक खेलों की श्रृंखला में समस्त नागरिकों के लिए जिपलाइन एवं बर्माब्रिज गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा।
जिपलाइन व बर्माब्रिज साहसिक खेलों के प्रसिद्ध प्रकार हैं, जिनमें रोमांच और उत्साह का संचार होता है। जिपलाइन अत्यंत रोमांचकारी गतिविधि है जिसमें किसी भी दो सिरों को एक रस्सी के माध्यम से जोड़कर उस पर पुली के माध्यम से एक सिरे से दूसरे सिरे पर जाया जाता है। यह जंगलों में नदी पार करते समय या शहरी क्षेत्रों में दो बिल्डिगों में आग लगने पर एक से दूसरे बिल्डिंग में जाने हेतु इसका उपयोग किया जाता है।
बर्माब्रिज जैसा नाम से ही पता चलता है बर्मा की सेनाओं द्वारा इसका सबसे पहले प्रयोग किया गया था। रस्सी का पुल बनाकर संतुलन बनाते हुए नदी नालों को पार करने हेतु इसका प्रयोग किया जाता था।
साहसिक खेलों का शुभारम्भ 13 अगस्त को प्रातः 10.00 बजे होगा और 14 व 15 को प्रातः 8.00 बजे से सांयकाल 6.00 बजे तक संचालित रहेगा।
बृजनन्दन
