Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेश'किसान संदेश अभियान' ट्विटर ट्रेंडिंग में इंडिया के टाॅप पांचवें स्थान पर...

‘किसान संदेश अभियान’ ट्विटर ट्रेंडिंग में इंडिया के टाॅप पांचवें स्थान पर रहा रालोद

– कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष मंजीत सिंह ने कहा, अभियान की सफलता को जुट रहें पार्टी जन

– पशुओं से किसानों को मुक्ति दिलाने और गन्ने का नया मूल्य घोषित करने के लिए 21 जनवरी को भेजे जाएंगे संदेश पत्र

लखनऊ (हि.स.)। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष मंजीत सिंह ने किसानों की दो सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश में चल रहे किसान_ संदेश_ अभियान_ के अभी तक के तीनों चरणों की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने सोमवार को यह जानकारी देते हुए प्रदेश के सभी पार्टी जनों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।

रालोद के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पांच और 14 जनवरी को सोशल मीडिया पर चला हैशटैग अभियान और नौ जनवरी को पार्टी जनों द्वारा प्रदेश के प्रत्येक जिले में एकत्रित होकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे संदेश पत्र बेहद ही सफलता पूर्ण चरण रहे हैं, इसके लिए पार्टीजन बधाई के पात्र हैं।

उन्होंने कहा कि पेराई सत्र 2022-23 के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने गन्ने का नया मूल्य घोषित नहीं किया है, जबकि मिल चले हुए तीन माह हो चुके हैं। किसानों को न तो कोई भुगतान किया गया है और न ही गन्ना लेने की कोई विधिवत व्यवस्था है। प्रदेश का गन्ना किसान मारा-मारा फिर रहा है। वहीं दूसरी ओर सम्पूर्ण प्रदेश में आवारा पशुओं से किसान का जीना हराम हो गया है। फसलों का नुकसान तो अलग, इस कड़ाके की सर्दी में किसान अपनी फसल की रक्षा के लिए रात को घर में सो भी नहीं पा रहा है।

उक्त दोनों मांगों के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करने के लिए राष्ट्रीय लोक दल ने 28 दिसम्बर से अभियान छेड़ा हुआ है, जिसमें किसानों से मुख्यमंत्री के नाम संदेश पत्र भरवा कर भेजे जा रहे हैं। नौ जनवरी को विशेष अभियान चला, जिसमें पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ता एक जगह एकत्रित होकर मुख्य डाकघरों में गए और मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करने के लिए संदेश पत्र भेजे। बताया कि अभी तक पार्टी प्रदेश में 80 हजार किसान सन्देश पत्र भेज चुके हैं।

श्री सिंह ने बताया कि 14 जनवरी को राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश के सभी पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करने के लिए जोरदार किसान_ संदेश_ अभियान_ चलाया, जिसका ट्विटर पर इंडिया में ट्रेंड टाॅप पांचवें स्थान पर रहा। हैशटैग(#) ट्रैण्ड में पार्टी जनों ने जमकर हिस्सा लिया और प्रदेश के मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया। जबकि पिछली पांच जनवरी को चले हैशटैग(#) अभियान का इण्डिया में 35वां स्थान रहा था।

राष्ट्रीय लोकदल के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि अब गांव-गांव किसानों से आवारा पशुओं से किसानों को मुक्ति दिलाने और गन्ने का नया मूल्य घोषित कराने के संदेश पत्र भरवा कर आगामी 21 जनवरी को बड़े स्तर पर संदेश पत्र डाकघर में पोस्ट किए जाएंगे। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर बड़े प्रदर्शन कर संदेश पत्रों के माध्यम से किसान प्रदेश के मुख्यमंत्री से छुट्टा पशुओं से किसानों को मुक्त कराने और गन्ना का नये मूल्य घोषित करने की मांग करेंगे। इस अभियान की सफलता के लिये सभी पार्टी जन जुटकर किसानों की आवाज को बुलन्द कर राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के हाथ मजबूत करें।

मोहित वर्मा

RELATED ARTICLES

Most Popular