Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेश किसान की संदिग्ध हालत में मौत, चार पर हत्या का मुकदमा दर्ज

 किसान की संदिग्ध हालत में मौत, चार पर हत्या का मुकदमा दर्ज

मीरजापुर (हि.स.)। कछवां थाना क्षेत्र में किसान की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए मृतक के भाई ने गुरुवार को ग्रामीणों समेत थाने में धरना दिया। मामले में पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए किए जांच शुरू कर दी है।

तहरीर में आरोप लगाया कि बरैनी गांव निवासी विष्णु पुत्र मुक्ति सिंह के खेत को अधिया पर लेकर उसका भाई माने बिंद (50) खेती करता था। धान पहुचाने के लिए दबाव बनाने पर ट्रैक्टर से वह धान पहुंचाने विष्णु के घर गया था। वह घर वापस नहीं लौटे तो उनकी खोजबीन के लिए परिजन निकले। इस बीच गांव में शोरगुल हो रहा था। जाकर देखा तो उसके भाई का शव पड़ा था। मौके से विष्णु समेत चार लोग उन्हें देखते ही फरार हो गए। इस मामले में आरोपित विष्णु सिंह के परिजन का कहना था कि वह उनका धान पहुचाने आया था। साथ ही वह अपना भी धान लेकर आया था। इसे बेचकर जो रुपया मिले उसे उसने देने की बात कही और चला गया। ट्रैक्टर पर बैठकर वापस घर जाते समय जानकारी मिली की उसकी ट्रैक्टर से गिरकर मौत हो गई।

क्षेत्राधिकारी सदर शैलेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद आरोपित चार लोगों पर नामजद तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने का निर्देश थाना प्रभारी कछवां रामस्वरूप वर्मा को दिए। सीओ सदर ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए मामले की जांच की जा रही है।

गिरजा शंकर

RELATED ARTICLES

Most Popular