– गिरफ्तार गैंगस्टर पर कानपुर सहित कई जनपदों में दर्ज हैं 11 मुकदमें
कानपुर (हि.स.)। जनपद में अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस इन दिनों सख्त रुख अख्तियार किये हुए है। इसी के चलते मंगलवार को ककवन थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिल गयी। पुलिस ने 20 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर सत्येन्द्र पाल उर्फ कालू को धर दबोचा और जेल भेज दिया। कालू के खिलाफ जनपद सहित आस—पास के जनपदों के थानों में 11 मुकदमें दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बृजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में अपराधियों की धरपकड़ के लिए सभी थानों में टीम का गठन किया गया है। इसके साथ ही सख्त निर्देश हैं कि अपने—अपने क्षेत्र में अपराधियों का सफाया करना है। इसी के चलते ककवन पुलिस टीम ने 20 हजार रुपये के इनामिया गैंगस्टर सत्येन्द्र पाल उर्फ कालू को दबोचने में सफल रही। इनामी गैंगस्टर कालू मूलरुप से एटा जनपद के नगला थाना सकरौली का रहने वाला है और उसके ऊपर औरेया, आगरा, कानपुर देहात, जालौन, कानपुर नगर सहित कई जनपदों में कुल 11 मुकदमे पंजीकृत हैं। कालू उर्फ सत्येन्द्र पाल 10 से ज्यादा मुकदमों में वाछिंत चल रहा था। शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने वाली टीम में ककवन एसओ अमित मिश्रा, उपनिरीक्षक मो. आरिफ, मोहित चौधरी, आरक्षी अफरोज, उमेश शामिल रहे। एसओ अमित मिश्रा ने बताया कि शातिर अपराधी पर एटा पुलिस की ओर से 20 हजार रुपये का इनाम था। फिलहाल पुलिस ने अपराधी को गिरफ्तार कर माती जेल भेज दिया है।
