– एक इमारत में पाये गये थे उपद्रवियों द्वारा एकत्र किये गये पत्थर
कानपुर(हि.स.)। कानपुर हिंसा के बाद उपद्रवियों या उनके करीबियों पर कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) की कार्रवाई जारी है। दूसरे दिन अवकाश के बाद भी केडीए ने दो इमारतों को सीज कर दिया। आरोप है कि एक इमारत से उपद्रवियों ने पत्थरबाजी की थी और उपद्रवियों द्वारा एकत्र किये गये पत्थर भी मिले थे।
केडीए ने शनिवार को पहली कार्रवाई कानपुर हिंसा के मास्टर माइंड जयात हफर हाशमी के करीबी इश्तियाक की अवैध बिल्डिंग पर बुलडोजर चलाया था। इसके बाद बिठूर पर रियाज के निर्माणाधीन पेट्रोल पंप को ढहाया गया था। तभी से माना जा रहा था कि आगे भी केडीए की कार्रवाई जारी रहेगी और हो भी ऐसा ही रहा है। रविवार को जब अवकाश था तब केडीए के विशेष कार्याधिकारी अवनीश सिंह की अगुवाई में टीम विश्वनाथ खत्री के हाता पहुंची। यहां पर टीम ने सलीम उर्फ जॉनी वाकर की निर्माणाधीन बिल्डिंग को सीज कर दिया।
अवनीश सिंह ने बताया कि यह इमारत अवैध है और केडीए अपनी रुटीन कार्रवाई कर रहा है। जब पूछा गया कि निर्माणाधीन भवन के मालिक के तार कानपुर हिंसा से जुड़े हुए हैं। इस पर कहा यह तो पुलिस ही बता पाएगी, लेकिन पता चला है कि हिंसा के दौरान यहां पर अवांछित तत्व एकत्र हुए थे और उपद्रवियों द्वारा एकत्र किये गये पत्थर भी पाये गये थे। फिलहाल केडीए अपना कार्य कर रहा है। उन पर कार्रवाई पहले की जाती है जो लोग संगठित रुप से आदतन अवैध निर्माण करता है। इसके बाद टीम चमनगंज के प्रेम नगर स्थित एस एच मलिक की अवैध बिल्डिंग के पास पहुंची और बिल्डिंग को सीज कर दिया गया।
अजय
