पूर्व विधायक ने उच्च स्तरीय जांच की उठाई मांग, डीसीपी ने कहा होगी निष्पक्ष जांच
कानपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिसकर्मियों की पिटाई से एक युवक की मौत का आरोप लगा है। मृतक युवक जितेंद्र उर्फ कल्लू की बॉडी पर पिटाई के कई निशान देखे जा सकते हैं। इस वारदात से गुस्साए मृतक के घरवालों ने जमकर हंगामा करना शुरू कर दिया। घटना की सूचना पाकर आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान मृतक के घरवाले दोषी पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे है। पूर्व विधायक सतीश निगम ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की और व्यापार मंडल ने मृतक के परिजनों को 51 हजार रुपये की चेक देकर आर्थिक मदद की है।
कल्याणपुर के माधवपुरम निवासी तेज नारायण के पड़ोसी वाईएस दीक्षित के घर पर चोरी हो गई थी। उन्होंने घर से बीस लाख की चोरी होने की शिकायत कल्याणपुर थाने में की थी। वाईएस दीक्षित ने पुलिस की पूछताछ में तेजनारायण के बेटे जितेंद्र उर्फ कल्लू पर शक जताया था। जबकि कल्लू के परिजनों का कहना है कि वह मुंबई में रहकर मजदूरी करता था और दीपावली पर घर आया था। चोरी के आरोप में पुलिस 13 नवंबर को उसे पूछताछ के लिए हिरासत में ले गई थी। बहन मानसी व मां का कहना है कि सोमवार की रात पनकी रोड चौकी प्रभारी ने भाई के पेट में दर्द होने की बात कहकर ले जाने को कहा था। इस पर थाने पहुंचकर वह जितेंद्र को लेकर घर आ गए थे, उसने पुलिस द्वारा पिटाई करने की जानकारी दी थी। जितेंद्र के शरीर पर काले और नीले निशान भी पड़े थे। हालत बिगड़ने पर उसे एलएलआर अस्पताल हैलट ले गए, जहां उपचार के दौरान देर रात जितेंद्र की मौत हो गई। शव घर पर लेकर आने के बाद मंगलवार की सुबह रिश्तेदार व परिचित एकत्र हो गए। परिजनों ने पुलिस की पिटाई से जितेंद्र की मौत का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। परिजनों ने मुआवजे की भी मांग रखी। मामले के तूल पकड़ने के बाद एसीपी कल्याणपुर दिनेश कुमार शुक्ला मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। इधर मामला बढ़ा तो डीसीपी पश्चिमी भी मौके पर पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली।
उच्च स्तरीय हो जांच
पुलिस की पिटाई से युवक की मौत की जानकारी पर सपा के पूर्व विधायक सतीश निगम भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। विधायक ने पुलिस अधिकारियों से बात की और मांग किया कि मामले की उच्च स्तरीय जांच की जाये। इसके साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाये। पूर्व विधायक ने कहा कि योगी सरकार में पुलिस हत्यारी हो गई है। हाल ही में कानपुर के युवा व्यापारी मनीष की पीट-पीटकर गोरखपुर में हत्या कर दी गई थी।
डीसीपी का कहना
डीसीपी पश्चिमी बीबीजीटीएस मुथी ने बताया कि कुछ दिन पहले मृतक के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज किया गया था। युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिवार वाले कुछ लोगों पर आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल तहरीर लेकर केस दर्ज किया जा रहा है। इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि चौकी इंचार्ज का कहना है कि कोई अन्य जगह से पुलिस आई थी। इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
