– प्रचार के दौरान नोट बांटने का वीडियो वायरल होने पर सवालों में घिरे कांग्रेस उम्मीदवार
— कांग्रेस उम्मीदवार ने नोट बांटने को बताया गलत, कहा कि जीत देख विरोधी कर रहे साजिश
कानपुर (हि.स.)। घाटमपुर विधानसभा सीट पर हो रहा उपचुनाव इन दिनों चरम पर है और इसी बीच बुधवार को सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हो गया। वायरल हो रहे वीडियो में यह बताने का प्रयास किया गया कि कांग्रेस उम्मीदवार डा. कृपाशंकर संखवार मतदाताओं को रुपया बांट रहे हैं। हालांकि कांग्रेस उम्मीदवार इसे सिरे से खारिज कर रहे हैं और उन्होंने कहा कि जीत देख विरोधी पार्टी के लोग साजिश कर बदनाम करना चाह रहे हैं। वहीं मामले को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर उम्मीदवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रही कमलरानी वरूण के असामयिक निधन के चलते सुरक्षित विधानसभा सीट घाटमपुर पर उपचुनाव हो रहा है। उपचुनाव की घोषणा केे बाद सभी दल तैयारी में जुट गए है। बसपा और सपा के बाद कांग्रेस ने भी अपने पत्ते खोल दिए है। कांग्रेस ने घाटमपुर सीट से कृपाशंकर संखवार को उम्मीदवार घोषित किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रैली के बाद से यहां पर चुनाव चरम पर चल रहा है। इसी बीच कांग्रेस उम्मीदवार डाॅक्टर कृपाशंकर का बुुधवार को सोशल मीडिया में जनसम्पर्क के दौरान मतदाताओं को नोट बांटने का वीडियो वायरल होने पर कांग्रेस पार्टी में हड़कम्प मच गया। वीडियो में उम्मीदवार मतदाताओं को नोट बांट रहे है। सोशल मीडिया में वायरल हुए वीडियों में कांग्रेस प्रत्याशी डाॅक्टर कृपाशंकर के साथ पार्टी के दिग्गज नेता राजाराम पाल व श्री प्रकाश जायसवाल भी मौजूद हैं। बता दें कि इससे पहले भी कांग्रेस उम्मीदवार विवादों के घेरे में रहे हैं। इस मामले में कांग्रेस उम्मीदवार का कहना है कि मैं एक डाक्टर हूं और क्षेत्र की जनता का बराबर हर संभव सहयोग किया। इसी के चलते क्षेत्र की जनता का बराबर आर्शीवाद मिल रहा है और रुपया बांटने की बात पूरी तरह से गलत है। कहा कि कांग्रेस की जीत देख विरोधी पार्टियों की मुझे बदनाम करने के लिए यह एक साजिश है।दर्ज हुआ मुकदमा
वहीं वीडियो सामने आने पर जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक तिवारी ने संज्ञान लिया और तुरंत मामले की जांच रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) से कराई। जांच में मामला प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर कांग्रेस उम्मीदवार पर घाटमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस प्रकरण में डीआईजी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। उम्मीदवार के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही को अमल में लाया जाएगा।
