– आन लाइन के जरिए साइबर क्राइम से जुड़े अपराधियों ने उड़ा लिए थे 11 लाख 72 हजार 427 रुपये
कानपुर (हि.स.)। रंगों के त्योहार होली में क्राइम ब्रांच ने अपनी मेहनत से पर्व की खुशियां दो गुनी कर दी हैं। क्राइम ब्रांच की टीम ने ऐसे लोगों को उनकी गाढ़ी कमाई वापस दिलाई जो साइबर अपराध द्वारा धोखे से उनसे ले ली गई थी। ऐसे 28 लोगों को जब क्राइम ब्रांच ने उनके पैसे वापस दिलाए तो उनकी खुशी का ठिकाना ही नहीं रहा।
जनपद में माह जनवरी से लेकर फरवरी तक के बीच मे साइबर अपराधियों द्वारा अलग-अलग तरीकों से अपराध करके लोगों की रकम हड़पी गई थी। किसी को ऑनलाइन शॉपिंग तो किसी को लकी ड्रा तो किसी को अन्य कोई प्रलोभन देकर उनके बैंक खातों की डिटेल ले ली थी।
इसके बाद साइबर तकनीक का उपयोग करके 28 लोगों के बैंक खातों से 11,72,427 रुपये उड़ा दिए। पीड़ितों ने कमिश्नरेट कानपुर की क्राइम ब्रांच से शिकायत की। इसके बाद क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने पीड़ितों को उनकी पूरी रकम वापस दिला दी। होली के अवसर पर रकम वापस मिलने से लोगों की खुशियां दोगुनी हो गई।
महमूद
