वाराणसी (हि.स.)। मां गंगा को राष्ट्रीय नदी घोषित किये जाने के वर्षगांठ पर गुरूवार को कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने दशाश्वमेध घाट पर गंगा का दुग्धाभिषेक किया और नदी के अविरलता, निर्मलता,स्वच्छता के साथ नागरिकों के सुख-समृद्धि के लिए कामना किया।
कार्यक्रम में शामिल पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि मां गंगा केवल नदी ही नहीं, एक संस्कृति है,आस्था की प्रतीक है। गंगा नदी के तट पर अनेक पवित्र तीर्थों का निवास है। आज के ही दिन 2008 में 04 नवम्बर को तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने हम भारतीयों के आस्था के प्रतीक मां गंगा को राष्ट्रीय नदी घोषित किया था। उसी के वर्षगांठ के क्रम में आज मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया गया।
इस कार्यक्रम का संयोजन महानगर सचिव प्रमोद वर्मा ने किया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे, मनीष मोरोलिया, डॉ राजेश गुप्ता, ओमप्रकाश ओझा, प्रमोद वर्मा, शैलेन्द्र सिंह, शकील जादूगर, चंचल शर्मा, विकास दुबे,अखिलेन्द्र त्रिपाठी आदि की मौजूदगी रही।
