Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशकांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा से नहीं पड़ेगा कोई फर्कः रीता बहुगुणा...

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा से नहीं पड़ेगा कोई फर्कः रीता बहुगुणा जोशी

महंगाई पूरे विश्व में, यूरोप और इंग्लैंड में मचा है हाहाकार

हिमाचल प्रदेश में बनेगी भाजपा की सरकार

आपदा के समय करना पड़ता है हवाई सर्वेक्षण

आजमगढ़ (हि.स.)। लालगंज में एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने आई भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि महंगाई पूरे विश्व में है। खासकर यूरोप और इग्लैंड में हाहाकार मचा हुआ है। इसके मुकाबले अभी देश में महंगाई काफी कम है। उन्होंने कहा कि जब देश में कोई आपदा आती है तो इतने बड़े प्रदेश में जाने के लिए हवाई सर्वेक्षण जरूरी होता है। हिमाचल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन रही है। वहीं उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अब देश में पहचान समाप्त हो रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का कोई असर नहीं पड़ने वाला है।

आजमगढ़ जिले के लालगंज में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सांसद रीता बहुगुणा जोशी फैजान अहमद के आवास पर पहुंची थीं। इस दौरान मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने भाजपा नेता वरुण गांधी के हवाई सर्वेक्षण वाले बयान पर कहा कि 75 जिलों का प्रदेश है, आपदा के समय हवाई सर्वेक्षण करना पड़ता है। हवाई सर्वेक्षण से एक अच्छा अंदाजा लग जाता है। वहीं आपदा में सीएम खुद हवाई सर्वेक्षण के बाद प्रत्येक जिले में जा रहे हैं। राहत सामग्री बांट रहे हैं। सभी एमपी, एमएलए को भी आपदा राहत कार्य में लगाया गया है।

हिमांचल प्रदेश में सरकार बनाने के सवाल पर सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि अभी चुनाव तो शुरू हुआ है, लेकिन जो सर्वे आया है, उसमें भी भाजपा की सरकार बनती दिख रही है। लेकिन आखिरी फैसला जनता करेगी।

कांग्रेस की भारत यात्रा के सवाल पर रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि कांग्रेस की हालत काफी खराब है, पूरे देश में कांग्रेस पार्टी की पहचान करीब-करीब समाप्त हो रही है, तो अब वे दक्षिण भारत को पकड़ने की कोशिश कर रही है। लेकिन कांग्रेस के इस प्रयास का कोई असर पड़ने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी यात्रा लेकर दक्षिण में घूम रहे हैं। उत्तर प्रदेश का 1 /6 केरल है। वहां राहुल गांधी 17 दिन रहे जबकि उत्तर प्रदेश में महज दो दिन की यात्रा है तो इसी से अंदाजा लगा लीजिए कि कांग्रेस की सोच कैसी है।

देश में बढ़ती महंगाई के बारे में सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि महंगाई चौतरफा है। आज यूरोप, इंग्लैड, अमेरिका में हाहाकार मचा हुआ है। वहां के वित्तमंत्री को कुर्सी छोड़नी पड़ रही है। फिर भी हिन्दुस्तान में बहुत कुछ संभला हुआ है। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि कोविड के बाद पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था चरमराई है लेकिन फिर भी देश की मुद्रा स्थिर है। डब्लूएचओ ने कहा कि हमारे देश की सभी व्यवस्थाएं अच्छी हैं। आईएमएफ ने कहा कि हमारे देश की विकास दर काफी अच्छी चल रही है और वर्ष 2030 तक हम जर्मनी को भी पीछे छोड़ देंगे।

राजीव

RELATED ARTICLES

Most Popular