लखनऊ (हि.स.)। राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा (रीट) से जुड़े छात्रों ने लखनऊ में माल एवेन्यू स्थित कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय के बाहर तीसरे दिन प्रदर्शन किया। तीसरे दिन राजस्थान से आये प्रदर्शनकारी छात्रों की संख्या में बढ़ोत्तरी भी हुई।
राजस्थान से आये छात्रों के प्रदर्शन के कारण तीन दिनों से उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यालय पर आने-जाने वाले कांग्रेस नेताओं में कमी आ गयी है। कांग्रेस नेताओं का आवागमन सामने के मुख्य द्वार से कम और पीछे के द्वार से ज्यादा हो रहा है।
दो दिनों में कांग्रेस के कुछ बड़े चेहरों ने इनसे मुलाकात की है और छात्रों की तरफ से रीट, बेरोजगारी, पुरानी भर्ती के प्रश्नों पर इनकी बातों को कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा तक पहुंचाया है। बावजूद इसके अभी तक राजस्थान की कांग्रेस सरकार की ओर से उचित उत्तर ना मिलने के कारण सभी छात्रों का प्रदर्शन जारी है।
”कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय के बाहर बीती रात को प्रदर्शन कर रहे राजस्थान के छात्रों के लिए रजाई गद्दा की व्यवस्था करायी गयी है। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश स्तरीय नेताओं ने रात्रि पहर स्वयं खड़े होकर चांदनी, रजाई, गद्दा की व्यवस्था को कराया है।”
