Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशएमएलसी के लिए पदमसेन चौधरी व मानवेन्द्र सिंह ने किया नामांकन

एमएलसी के लिए पदमसेन चौधरी व मानवेन्द्र सिंह ने किया नामांकन

लखनऊ (हि.स.)। विधान परिषद सदस्य के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार पदमसेन चौधरी व मानवेन्द्र सिंह ने गुरूवार को विधानभवन पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक उपस्थित रहे। नामांकन करने के लिए दोनों भाजपा उम्मीदवार प्रदेश कार्यालय से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ विधानभवन पहुंचे।

इससे पूर्व भाजपा के प्रदेश कार्यालय में दोनों एमएलसी उम्मीदवारों के सम्मान में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने एमएलसी के उम्मीदवार पदमसेन चौधरी व मानवेन्द्र प्रताप सिंह को माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि दोनों नेताओं का बड़ा राजनैतिक इतिहास रहा है। दोनों नेताओं का भारतीय जनता पार्टी में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। पदमसेन चौधरी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। वह दो बार सांसद भी रह चुके हैं।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जिसमें साधारण कार्यकर्ता भी बड़े पद पर पहुंच सकता है। मानवेन्द्र सिंह बाल्यकाल से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक हैं। वह कानपुर क्षेत्र के भाजपा उपाध्यक्ष व अध्यक्ष भी रहे हैं। भाजपा की नीतियों रीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है। हमारे पास पर्याप्त संख्याबल के कारण शत-प्रतिशत जीत सुनिश्चित है। इन दोनों को एमएलसी उम्मीदवार बनाये जाने के लिए मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं। भाजपा के दोनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित है।

नामांकन के समय संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, प्रदेश महामंत्री संजय राय व गोविन्द नारायण शुक्ल, प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक, मंत्री राकेश सचान, बीकापुर के विधायक डा. अमित सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित व सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

बृजनन्दन/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular