एटा (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को जलेसर के एमजीएम इंटर कॉलेज में जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना के जिन्न को बोतल में बंद कर डबल इंजन की सरकार बिना भेदभाव के विकास कार्य कर रही और लोगों को सुरक्षा भी दे रही है। सुरक्षा और विकास का मॉडल पूरे देश में सराहा। उसका परिणाम सबके सामने है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि, सरकार के एक हाथ में विकास की छड़ी है तो दूसरे हाथ पर बुलडोजर का स्टेयरिंग है। सरकार का बुलडोजर सड़क भी बनाता है और माफिया की छाती पर चढ़ने का काम भी करता है। विकास और बुलडोजर साथ-साथ चलेंगे। योगी आदित्यनाथ ने जलेसर प्रत्याशी संजीव दिवाकर के समर्थन में जनता से वोट करने की अपील की।
इस दौरान कहा कि प्रदेश में हमने कोरोना को जिन्न की बोलत में बंद कर दिया, जिससे कोरोना का कहीं अता पता नहीं है। यह होता है कोरोना प्रबंधन। हमने जीविका बचाने का काम किया है। सपा सरकार होती तो क्या फ्री में वैक्सीन मिलती। चाचा और भतीजों में लूट मच गई होती। गरीब को पहले सुविधा नहीं मिलती थी। न पहले बिजली का कनेक्शन मिलता था और न बिजली। वर्ष 2017 से पहले बिजली नहीं आती थी। अब बिजली नहीं जाएगी। यहां पर 2017 के दौरान अपराधियों और पेशेवर माफिया का अड्डा था। वर्ष 2017 से कुख्यातों के यहां बुलडोजर चलता हुए देखा। आज यही तो कहने के लिए आया हूं। यहां पर सपा सरकार रही हो, बसपा या कांग्रेस, सभी दल दलदल में फंसे हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष माफियाओं के साथ है। भाजपा सरकार में गुंडे, माफियाओं पर बुलडोजर चलता रहेगा। बीजेपी सरकार में गुंडों पर कार्रवाई हो रही है। सपा,बसपा, कांग्रेस सब एक जैसे। इनमें गरीबों के लिए संवेदना नहीं थी। बेटी की सुरक्षा के लिए मन में संवेदना नहीं थी। याद कीजिए किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। बेटियों की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया। गरीबों को शौचालय नहीं दिया। पहले यहीं लोग वैक्सीन के खिलाफ दुष्प्रचार करते थे। उनको जबाव दोगे। इसी से जान बची है। डबल इंजन की सरकार में डबल राशन मिला है। इस पूरे क्षेत्र को डार्क जोन बना दिया था। इसलिए अन्नदाता तबाह हो गए। भानु जैसे किसान को धन्यवाद दूंगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में खारे पानी की समस्या का जिक्र भी किया। बोले कि पांच साल में किसानों को फ्री पानी दिया जाएगा। खारे पानी की समस्या का समाधान करेंगे। हर घर नल पहुंचाएंगे। हर घर में शुद्ध पेजल पहुंचाएंगे। विकास के मुद्दे पर बोले कि एटा में मेडिकल कॉलेज बन रहा है, सड़कें चमकती दिखाई दे रहीं हैं।
कहा कि जलेसर का घंटा जोरदार तरीके से बजाना, जिसकी आवाज से विपक्ष चारों खाने चित्त हो जाएं। चारों तरफ हर-हर बम-बम के नारे लगने चाहिए। पूछा कि अब कहीं बमबाजी होती है। सपा सरकार में बमबाजी होती थी, एटा जनपद में हमारी सरकार ने 64 हजार किसानों का कर्जा माफ किया था। प्रधानमंत्री सम्मान निधि में 06 हजार रुपये हर वर्ष किसानों के खाते में सीधे पहुंचाए। 2017 के पहले समाजवादी पार्टी ने एक पाप और किया था, दिव्यांगजनों और विधवाओं की पेंशन को रोक दिया था। आज हमारी सरकार प्रदेश के अंदर एक करोड़ लोगों को पेंशन दी। कहा कि जलेसर के घंटे को पहचान देकर ओडीओपी में शामिल किया। पालिका अध्यक्ष विकास मित्तल ने 2100 कुंतल का घंटा राम मंदिर के लिए देने का संकल्प लिया है।
सुनील
