Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र : सपा 07 दिसम्बर से सभी जनपदों में 'किसान यात्रा' करेगी...

उप्र : सपा 07 दिसम्बर से सभी जनपदों में ‘किसान यात्रा’ करेगी शुरू

-अखिलेश यादव ने ‘किसानों की आय बढ़ाओ और खेती बचाओ का दिया नारा’
-कहा, आवाज उठाने पर किसानों पर लाठी, गोली, पानी की बौछार कर दमनचक्र चलाती है भाजपा
लखनऊ (हि.स.)। कृषि कानूनों को लेकर किसानों के विरोध प्रदर्शन के बीच समाजवादी पार्टी ने 7 दिसम्बर से प्रदेश के सभी जनपदों में किसान यात्रा शुरू करने का फैसला किया है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘किसानों की आय बढ़ाओ और खेती बचाओ’ का नारा दिया है।
भाजपा सरकार की कृषि नीतियों के विरोध और किसानों के समर्थन में ये यात्रा शुरू की जा रही है। किसान यात्राओं में सपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी अपने साधनों-पैदल, साइकिल, मोटरसाइकिल आदि वाहनों से शामिल होंगे। इन यात्राओं के दौरान किसानों के मुद्दों पर जनता को जागरूक किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि किसानों की हर तकलीफ पर उल्टे उन्हें ही कोसने वाली भाजपा सरकार में किसान चौतरफा मार से बेहाल है। किसान को न तो गेहूं न धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य मिला है। नहीं उसकी आय दोगुनी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकारी क्रय केन्द्र भाजपा की बदनियति के शिकार हो गए हैं। किसानों के आवाज उठाने पर भाजपा उन पर लाठी, गोली, आंसू गैस और पानी की बौछार कर दमनचक्र चलाती है।
अखिलेश ने समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता से अपील की है कि वे अन्नदाता के संघर्ष में उनका साथ दें और हर सम्भव मदद करें। किसान भाइयों के लिए आटा, दाल, चावल और दूध की कमी न होने पायें।

RELATED ARTICLES

Most Popular