– होली की शुभकामनाएं देने गृह जनपद मुरादाबाद पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह
मुरादाबाद(हि.स.)। लोकसभा चुनाव में भाजपा उत्तर प्रदेश में सभी 80 सीटों पर अपना कमल खिलाएगी। लोकसभा चुनाव से पूर्व स्थानीय निकाय चुनाव होना है जिसकी घोषणा कभी भी हो सकती हैं। इसके लिए सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी एक्टिव रहे और कमर कस लें। अपना बूथ सबसे मजबूत की नीति पर हमें काम करना है।
यह बातें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने दिल्ली रोड बुद्धि विहार स्थित पार्टी कार्यालय पर जिला व महानगर के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कही। सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह रंगो के पावन त्यौहार होली की शुभकामनाएं पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को देने के लिए अपने गृह जनपद मुरादाबाद पहुंचे थे।
इस दौरान चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की शक्ति हैं। कार्यकर्ताओं के बल पर ही नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री और योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। केंद्र सरकार की और उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों व जनहित की नीतियों से केंद्र व प्रदेश में पुनः भाजपा की सरकार बनी इसके पीछे असली ताकत व परिश्रम कार्यकर्ताओं का ही है। उन्होंने आगे कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के केंद्रीय नेता व केंद्र सरकार के मंत्री विभिन्न लोकसभा में प्रवास कार्यक्रम के तहत प्रवास कर रहे हैं उसी प्रकार प्रदेश स्तर से भी पदाधिकारियों व प्रदेश सरकार के मंत्री भी पार्टी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लोकसभाओं में प्रवास करने के लिए पहुंचेंगे।
चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मुझ जैसे एक साधारण कार्यकर्ता को पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष बनाया हैं। भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसमें साधारण से साधारण कार्यकर्ता पार्टी का अध्यक्ष बन जाता हैं, जनप्रतिनिधि बन जाता हैं। पार्टी जिस कार्यकर्ता को जो जिम्मेदारी दे रही है वह उस जिम्मेदारी को पूरी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और तत्परता के साथ निभाएं। आने वाले स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा अपना परचम लहराए गी और लोकसभा चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी के सभी 80 प्रत्याशी चुनाव जीतेंगे।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा ने की संचालन श्याम बिहारी शर्मा ने किया।
इस मौके पर भाजपा पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान, महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली चौहान, एमएलसी गोपाल अंजान, निवर्तमान महापौर विनोद अग्रवाल, लोकसभा संयोजक डॉ विशेष गुप्ता, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अजय प्रताप सिंह व चंद्रपाल प्रजापति, क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी निमित्त, जिला मीडिया प्रभारी संजय ढाका, महानगर मीडिया प्रभारी राजीव गुप्ता व राहुल सेठी आदि उपस्थित रहे।
निमित जायसवाल
