Monday, April 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र : महापौर ने पहला प्लास्टिक से डीजल प्लांट का किया लोकार्पण

उप्र : महापौर ने पहला प्लास्टिक से डीजल प्लांट का किया लोकार्पण

प्रयागराज (हि.स.)। महापौर प्रयागराज अभिलाषा गुप्ता नंदी ने गुरूवार को उत्तर प्रदेश का पहला प्लास्टिक टू फ्यूल प्लांट ऑन बिल्ड एंड ऑपरेट बेसिस प्रोजेक्ट का लोकार्पण बसवार स्थित प्रोसेसिंग प्लांट पर किया। यह पूरे प्रदेश में पहला ऐसा प्रोजेक्ट है जिसकी शुरुआत प्रयागराज में की गई है। इस प्रोजेक्ट में निकलने वाले कूड़े से मिलने वाली किसी भी प्रकार की प्लास्टिक जो किसी भी प्रयोग में नहीं आती उनका उपयोग किया जाएगा।
 इस इकाई की सबसे खास बात यह है कि इसे चलाने के लिए इस प्लांट से निकलने वाले डीजल और गैस से इस प्लांट का संचालन कर सकते हैं। नगर निगम क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहा है। जिस कारण नगर निगम द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक को नगर क्षेत्र में प्रतिबंधित किया जा रहा है। अभी तक आने वाले कूड़े से जैविक खाद और आरडीएफ तैयार होता था, परंतु अब डीजल भी तैयार किया जायेगा। इसके अलावा जैविक खाद को बड़े संस्थाओं में जैसे पीपीएल, आईपीएल और तमाम दूसरी संस्था जो पूरे भारतवर्ष में किसानों को जैविक खाद उपलब्ध करवा रहा है।

महापौर ने बताया कि इसके माध्यम से नगर सीमा क्षेत्र के अंतर्गत निकलने वाली प्रायोजित (वेस्ट) प्लास्टिक से डीजल का निर्माण किया जाएगा। दो कुंटल प्रायोजित (वेस्ट) प्लास्टिक से 24 घंटे में लगभग 1200 से 1400 लीटर तक डीजल का निर्माण किया जाएगा तथा इसके निर्माण के पश्चात लगभग 200 से 250 किलो कार्बन का भी निर्माण होगा। जिससे ईंधन के रूप में प्रयोग किया जा सकेगा। 
इसके अतिरिक्त बसवार स्थित प्लांट में ही नगर सीमा क्षेत्र में मरे जानवर के निस्तारण हेतु विद्युत शवदाह गृह के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया जाएगा। जिसे जल्द ही जनता की सेवा हेतु समर्पित किया जाएगा। इस अवसर पर पार्षद गण कुसुमलता, नेम यादव, दीपक कुशवाह, नंदलाल, साहिल अरोरा, कमलेश सिंह, अनूप मिश्रा व राजेश निषाद, पूर्व पार्षद राजेश कुशवाहा, नीरज टण्डन, रवि रंजन नगर आयुक्त, सतीश कुमार मुख्य अभियंता, उत्तम वर्मा पर्यावरण अभियंता, एस.एन पाण्डेय अवर अभियंता, अमित कुमार निदेशक हरी भरी, अभय कुमार एवं अन्य कई लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular