Tuesday, March 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्र: पराली जलाने को लेकर आठ जिला गन्ना अधिकारियों से जवाब तलब

उप्र: पराली जलाने को लेकर आठ जिला गन्ना अधिकारियों से जवाब तलब

-प्रदेश में किसानों को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने के निर्देश 

लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश के गन्ना एवं चीनी आयुक्त संजय आर भूसरेड्डी ने गन्ने की सूखी पत्तियों के जलाए जाने की कुछ घटनाओं की सूचना मिलने पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कुशीनगर एवं महाराजगंज जिलों के जिला गन्ना अधिकारियों से जवाब तलब किया है। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में किसानों को इस संबंध में जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने के निर्देश भी दिए हैं।
गन्ना एवं चीनी आयुक्त ने प्रदेश के सभी जिला गन्ना अधिकारियों, उप गन्ना आयुक्त एवं चीनी मिलों को कृषक गोष्ठी एवं कृषक मेला, पम्पलेट, वॉल पेंटिंग के माध्यम से किसानों को जागरूक करने तथा फार्म मशीनरी बैंकों के माध्यम से आरएमडी ट्रैश मल्चर उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया है। 
इसके साथ ही किसानों को वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1981 की धारा-19, की उप धारा-5 के अधीन शक्ति का प्रयोग करके शासन द्वारा फसल अवशेष को जलाए जाने को प्रतिबंधित किए जाने की भी जानकारी देने तथा इसको जलाने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी करने के प्रति सचेत करने पर भी जोर दिया है।
गन्ना एवं चीनी आयुक्त के मुताबिक विभागीय प्रयासों के फलस्वरूप गत वर्षों के सापेक्ष इस वर्ष गन्ने की सूखी पत्तियों एवं अवशेषों को जलाए जाने की घटनाओं में बहुत कमी आई है और यदि कहीं ऐसा पाया जाता है तो उसे रोकने के लिए विभाग पूरी तरह तत्पर है।

RELATED ARTICLES

Most Popular