लखनऊ (हि.स.)। पंडित दीन दयाल योजनान्तर्गत विभिन्न जनपदों के 89 चालू कार्यों के लिए 21 करोड़ 73 लाख 86 हजार रुपये की धनराशि का आवंटन शासन की ओर से किया गया है। इस सम्बन्ध में आवश्यक शासनादेश उप्र शासन लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी कर दिया गया है।
इन 89 चालू कार्यों में जनपद अम्बेडकर नगर में 26, फर्रूखाबाद में 13, अयोध्या व प्रयागराज में 08-08, गोरखपुर व सुलतानपुर में 06-06, फतेहपुर में 04, रामपुर, सीतापरु, जौनपुर व बरेली में 03-03, फिरोजाबाद व बांदा में 02-02, सिद्धार्थनगर व कासगंज में 01-01 कार्य शामिल हैं।
सोमवार को जारी शासनादेश में आवंटित धनराशि का उपयोगिता प्रमाण-पत्र बजट मैनुअल के प्राविधानों के अनुसार अनिवार्य रूप से उप्र शासन को प्रेषित किया जाय तथा प्रश्नगत चालू कार्यों को पूर्ण कराते हुये पूर्णता प्रमाण-पत्र एवं फोटोग्राफ्स शासन को उपलब्ध कराया जाये।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने निर्देश दिये हैं कि इन कार्यों में वित्तीय नियमों का अक्षरसः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और जारी शासनादेशों में उल्लिखित दिशा-निर्देशों का अनुपालन हर हाल में सुनिश्चित होना चाहिये। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता के साथ-साथ समयबद्धता का विशेष ध्यान रखते हुये कार्य सम्पादित कराने के निर्देश भी दिये।
