उप्र: अब तक 60 लाख कुन्तल धान की खरीद, पिछले वर्ष से तीन गुना ज्यादा

लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश में अब तक 60 लाख कुन्तल धान की खरीद की जा चुकी है। पिछले साल इसी दौरान 21 लाख कुन्तल धान क्रय किया गया था। इस तरह वर्तमान में पिछले वर्ष की तुलना में अभी तक तीन गुना अधिक खरीद की गई है। वहीं 19.19 मीट्रिक टन मक्का की खरीद की गयी है। 

प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निरन्तर धान खरीद की समीक्षा कर रहे हैं। इस सम्बन्ध में सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि किसानों के धान की खरीद समय से हो तथा उन्हें धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य अवश्य मिले। धान खरीद का भुगतान 72 घंटे के अन्दर सुनिश्चित किया जाये। 
मुख्यमंत्री ने कहा है कि जिलाधिकारी की यह जिम्मेदारी है कि किसानों को किसी प्रकार की समस्या न हो तथा क्रय केन्द्र सुचारू रूप से कार्य करें। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा लापरवाही बरती जाती है तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसी प्रकार कई वरिष्ठ अधिकारियों को लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की गई है। धान क्रय केन्द्र पर शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी की जिम्मेदारी होगी। 
धान क्रय केन्द्रों पर जिलाधिकारी लगातार मॉनिटरिंग तथा आकस्मिक निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि आवश्यक वस्तुओं में दाम न बढ़ने पाये और कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।

error: Content is protected !!