Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशउप्रः एमएलसी चुनाव में भाजपा का परचम, सपा का नहीं खुला खाता

उप्रः एमएलसी चुनाव में भाजपा का परचम, सपा का नहीं खुला खाता

लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हुए विधान परिषद चुनाव में जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पांच में से चार सीटों पर जीत दर्ज कर परचम लहराया है वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) का खाता भी नहीं खुला है। उत्तर प्रदेश में तीन स्नातक व दो शिक्षक सीटों पर चुनाव हुए थे। इन सीटों पर दो फरवरी को मतगणना शुरू हुई थी। सभी सीटों के परिणाम घोषित हो चुके हैं।

बरेली-मुरादाबाद स्नातक क्षेत्र से जयपाल सिंह व्यस्त, कानपुर-उन्नाव स्नातक क्षेत्र से अरूण कुमार पाठक, गोरखपुर-अयोध्या स्नातक क्षेत्र से देवेन्द्र प्रताप सिंह और झांसी-प्रयागराज शिक्षक क्षेत्र से बाबूलाल तिवारी ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की है। वहीं कानपुर-उन्नाव शिक्षक क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में राजबहादुर सिंह चंदेल ने जीत दर्ज की है। राजबहादुर चंदेल ने यहां से भाजपा प्रत्याशी वेणुरंजन भदौरिया को शिकस्त दी है। वहीं अगर समाजवादी पार्टी की बात करें तो पांच में से सपा ने एक भी सीट नहीं जीत सकी है

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने विधान परिषद सदस्य (स्नातक व शिक्षक) चुनाव-2023 में विजयी भाजपा प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई दी है और समस्त मतदाताओं, पार्टी पदाधिकारियों व ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी है। भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में जीते एमएलसी अन्त्योदय के संकल्प को सिद्ध करने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हम सभी वर्ग को साथ लेकर चलते हैं जबकि सपा को सिर्फ अपनी जाति व परिवार की पड़ी है। हम जनता की बेहतरी के लिए काम करते रहेंगे। चार सीटों पर ऐतिहासिक जीत हुई है, जहां कमी रही वहां की समीक्षा करेंगे। भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह ने भी एमएलसी चुनाव में भाजपा के विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दी है।

बृजनन्दन/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular