प्रयागराज। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को सर्किट हाउस के सभागार में कोविड-19 एवं विकास कार्यो के प्रगति की समीक्षा बैठक की। जिसमें कोविड-19 की समीक्षा करते हुए उन्होंने संक्रमण के प्रसार को फैलने से रोकने के लिए और अधिक प्रभावी ढंग से कार्रवाई करने, टेस्टिंग संख्या बढ़ाने, कान्टैक्ट ट्रेसिंग को शत-प्रतिशत रुप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपमुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि परीक्षण केन्द्रों पर आने वाले लोगों को परीक्षण में किसी भी प्रकार की समस्या न हो तथा जो परीक्षण के लिये आयें उनका अनिवार्य रुप से परीक्षण किया जाये। उन्होंने कहा कि परीक्षण कराने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाये। उन्होंने कहा कि स्थिति को देखकर ही होम आइसोलेंशन की अनुमति दी जाये। जिलाधिकारी भानु चन्द गोस्वामी ने कहा कि अधिक उम्र वालों तथा पूर्व में किसी बीमारी से ग्रस्त लोगों के होम आइसोलेशन की अनुमति के संबंध में विशेष सावधानी बरती जा रही है। जिससे ऐसे लोगों को बीमारी की गंभीरता से बचाया जा सके।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को प्रतिदिन अटेंड किया जाये तथा उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी नियमित रुप से किया जाता रहे। कहा कि भर्ती मरीजों के साथ चिकित्सक, नर्स व वार्ड ब्वाय अच्छा व्यवहार करें। उन्होंनें कोविड-19 के लिए 4-5 और प्राइवेट अस्पतालों को चिन्हित करने के लिए कहा। जहां लोग चाहें तो सरकार द्वारा निर्धारित रेट पर अपना उपचार करा सकें। उनको इलाज के लिए बाहर न जाना पड़ें। वेंटिलेटर की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त करने पर बताया गया कि वेंटिलेटर की पर्याप्त उपलब्धता है। इसके उपरांत श्री मौर्य स्वरूपरानी अस्पताल पहुंच कर पूर्व में कोरोना पाजिटिव रह चुके डॉ. रोहित सिंह तथा डॉ. विवेक कुंवर को कोरोना मरीजों के उपचार के लिए प्लाजमा डोनेट करने पर उनका उत्साहवर्धन किया एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
