– राज्यमंत्री का माल्यार्पण व अंगवस्त्रम के साथ हुआ स्वागत
मीरजापुर (हि.स.)। प्रदेश के स्टांप, न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल का वाराणसी से सोनभद्र जाते समय बुधवार को नरायनपुर व अहरौरा के रस्तोगी तालाब पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
उन्होंने ने कहा कि डिजिटल क्रांति का प्रभाव स्टांप की खरीद पर भी पड़ा है।ई-स्टांप सेवा प्रारंभ होने से स्टांप के खरीद-फरोख्त में फर्जीवाड़ा खत्म हुआ और देश का राजस्व बचा। छोटे मूल्य के स्टांप का अधिक मूल्य लिए जाने की लगातार शिकायतें मिल रहीं थीं। इसके अलावा छोटे मूल्य का स्टांप मिलने में परेशानी की भी शिकायत थी।
मंत्री ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत सीएससी से किसी भी मूल्य के स्टांप आसानी से लिए जा सकेंगे। इससे इस तरह की शिकायतें दूर होंगी। उनके साथ में पूर्व एमएलसी केदार नाथ सिंह भी रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी में लग जाए। घर-घर सम्पर्क कर भाजपा की नीतियों का प्रचार-प्रसार करें। इस दौरान भाजपा क्षेत्रीय मंत्री अशोक चौरसिया, गोपालदास गुप्ता, सुनील गुप्ता,सुधीर मिश्रा,राजकुमार यादव ,राजेंद्र जायसवाल, डाॅ. मृत्युंजय पांडेय आदि मौजूद रहे।
गिरजा शंकर
