Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशईमानदारी, सेवा, समर्पण ही हमारे राजनीतिक जीवन की पूंजी : मेनका गांधी

ईमानदारी, सेवा, समर्पण ही हमारे राजनीतिक जीवन की पूंजी : मेनका गांधी

–सांसद मेनका ने शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह को दी श्रद्धांजलि

सुलतानपुर(हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री व जिले की सांसद मेनका गांधी ने जनसभा को सम्बोधित करते हुए महमूदपुर गांव को सांसद आदर्श ग्राम के तहत गोद लेने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, सेवा, समर्पण ही हमारे राजनीतिक जीवन की पूंजी है।

अपने दौरे के तीसरे व अंतिम दिन बुधवार को जिला पंचायत परिसर में शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह के 115वें जन्मदिन पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। महमूदपुर में जनसभा को सम्बोधित करते हुए आगे कहा कि मैं काम को लटकाने में नहीं निपटाने में विश्वास करती हूं। मैं चाहती हूं कि जिला प्रशासन के जिम्मेदार लोग भी शासन की मंशानुसार काम को लटकाने में नहीं निपटाने में तेजी लायें। सांसद ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि हिम्मत न हारो तुम, एक सुनहरी सुबह का आगमन होने वाला है। कहा कि जिले में बढ़ती जनसमस्याओं के निस्तारण के लिए विकास विभाग व राजस्व विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों के आपसी समन्वय से आगामी एक अक्टूबर से प्रत्येक गांव में हर सप्ताह लेखपाल व ग्राम पंचायत अधिकारी स्थलीय निस्तारण करेंगे।

श्रीमती गांधी ने कहा महमूदपुर गांव को सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत केंद्र सरकार की 17 योजनाओं के तहत विकास कार्य संपादित करके गांव को आदर्श व स्मार्ट बनाया जाएगा। उन्होंने जिला अस्पताल समेत स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों के अभाव पर चिंता व्यक्त की। कहा कि इस सम्बंध में वह उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक से मुलाकात करेंगी।

इसके पूर्व श्रीमती गांधी ने शास्त्रीनगर आवास पर आए सैकड़ों फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण किया। इसके उपरांत धनपतगंज एवं कूरेभार ब्लाक के आधे दर्जन गांव आमकोल, महमूदपुर, सराय गोकुल, भैरोपुर आदि गांवों में जन चौपाल के माध्यम से जन शिकायतों का निस्तारण किया। मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि श्रीमती गांधी 2:30 बजे धनपतगंज से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से लखनऊ आगरा एक्सप्रेस-वे होते हुए 14 अशोका रोड नई दिल्ली के लिए प्रस्थान की। कार्यक्रमों में प्रतिनिधि रणजीत कुमार, प्रात्येश सिंह बंटी, विजय सिंह रघुवंशी, चन्द्र प्रताप सिंह, राजेश पाण्डेय, बॉबी सिंह, संदीप प्रताप सिंह, शशि कांत पांडे, श्याम बहादुर पाण्डे, अरूण द्विवेदी, उत्तम सिंह, सुभाष चन्द्र वर्मा, संतोष सिंह प्रधान, संदीप तिवारी, कृष्ण कुमार सिंह, सुदामा मिश्रा, अखिलेश सिंह, श्याम प्रकाश सिंह, प्रदीप यादव, गोली निषाद, अनवर खान आदि मौजूद रहे।

दयाशंकर

RELATED ARTICLES

Most Popular