प्रदीप पांडेय
गोंडा।
जिले के इटियाथोक ब्लाक क्षेत्र में पालतू पशुओं को खुरपका और मुंहपका बीमारी से बचाने के लिए मुफ्त टीकाकरण अभियान शुरू है, जो आगामी डेढ़ माह तक चलेगा। ब्लाक को 26100 पशुओ को टीका लगाने का लक्ष्य मिला है और 29 दिसम्बर शाम तक कुल मिलाकर 1400 पशुओ को यह टीका लग चुका है। इस कार्य मे पैरावेट, बैक्सीनेटर, एलईओ व बेटनरी फार्मेसिस्ट लगे है। उक्त जानकारी पशु चिकित्साधिकारी इटियाथोक डाक्टर नजमुल इस्लाम ने गुरुवार को देते हुए बताया कि पशुओं को खुरपका और मुंहपका बीमारी से बचाने के लिए साल में दो बार यानी 6-6 माह पर टीकाकरण कराया जाता है। इस टीके की रोग प्रतिरोधक क्षमता 6 माह की है। चार माह तक के गाय और भैंस के बच्चे को टीका नहीं लगाया जाता। उन्होंने बताया कि 8 माह से अधिक गर्भवती गाय और भैंस को भी टीका नहीं लगाया जाता है। उन्होंने बताया कि मुंहपका खुरपका रोग विभक्त खुर वाले पशुओं का अत्यन्त संक्रामक एवं घातक विषाणुजनित रोग है। यह गाय, भैंस, बैल आदि पालतू पशुओं को होता है। मुंहपका खुरपका रोग से पशुओं को तेज बुखार, मुंह पैर में छाले, लार आना, दूध कम देना सहित अन्य लक्षण सामने आने लग जाते है। कई बार पशुओं की मौत भी हो जाती है। ऐसे में टीकाकरण करने के बाद पशुओं को इस बीमारी से बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बचाव में विभाग ने टीकाकरण अभियान शुरू किया है।

