लखनऊ (हि.स.)। इंडियन रोड कांग्रेस के 81वें अधिवेशन में उपाध्यक्ष चुने गये उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर इन चीफ अरविंद कुमार जैन के परामर्श पर कई बेहतर फार्मूले निकले हैं। उनके फार्मूले पर लोनिवि ने अपने कदम बढ़ा दिए हैं। अब इन फार्मूले को अपनाकर प्रदेश को 15 नवम्बर तक गड्ढामुक्त किये जाने की योजना में जुटे लोनिवि को पर्याप्त फायदा मिलेगा।
उप्र लोनिवि के विभागाध्यक्ष संदीप कुमार सहित तमाम अधिकारियों ने प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने की योजना तैयार कर ली है। योजना के तहत बड़े महानगरों में लोक निर्माण विभाग की सड़कों को मानक के अनुरुप बनाया जायेगा। इसके साथ ही विभागीय ग्रामीण सड़कों को भी गड्ढामुक्त किया जायेगा। विभागाध्यक्ष संदीप कुमार और उनके सहयोगी अधिकारी इंजीनियर इन चीफ (डिजाइन एंड प्लानिंग) अरविंद कुमार जैन ने सड़कों को गड्ढाें से मुक्त करने का पूरा खाका तैयार कर दिया है।
उप्र लोनिवि में इंजीनियर इन चीफ अरविंद कुमार जैन की मानें तो बीते दिनों लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुए इंडियन रोड कांग्रेस के अधिवेशन से बहुत सारी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इसका उपयोग रोड और गड्ढामुक्त बनाने में किया जा सकेगा। रोड बनाने की तकनीकी ज्ञान से उत्तर प्रदेश की सड़कों में बड़ा बदलाव आयेगा।
इंडियन रोड कांग्रेस के अधिवेशन के दूसरे दिन यूपी सत्र चलाया गया था, जिसमें उप्र लोनिवि के अधिकारियों ने सत्र में बढ़-चढ़ कर हिस्सेदारी की थी और तकनीकी रुप से सड़कों को बनाने का ज्ञान लिया था। इस सत्र में उप्र लोनिवि के मंत्री जितिन प्रसाद भी मौजूद रहे थे।
उत्तर प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिये हैं। मुख्यमंत्री ने अपने अहम बयान में कहा कि एक अभियान चलाकर लोनिवि आगामी 15 नवम्बर तक प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाये। इस निर्देश के पालन में उप्र लोनिवि के विभागाध्यक्ष संदीप कुमार ने विभागीय अधिकारियों के साथ एक बैठक भी की और अभियान की रुपरेखा तैयार कर तेजी से काम करना शुरू कर दिया है।
शरद
