पृथ्वीनाथ मंदिर के मुख्य गेट पर लटका ताला
जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। खरगूपुर थाना क्षेत्र के अन्तर्गत पृथ्वीनाथ मंदिर पर पिछले दिनों हुए विवाद के उपरान्त शुक्रवार की देर रात्रि मंदिर के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया। जिला प्रशासन के सीधे नियंत्रण में होने के बावजूद श्रद्धालुओं को मंदिर के निकास गेट से आकर जलाभिषेक और पूजन-अर्चन करना पड़ रहा है। तीन दिन पूर्व हुए विवाद को लेकर स्थानीय थाने की पुलिस ने मंदिर के पुजारी दयाशंकर की तहरीर पर पचरन गांव के 14 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद शुक्रवार देर रात मंदिर के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया। निकास गेट से मंदिर के गर्भगृह में पहुंचने के लिए द्वार खोला गया है। मंदिर के पुजारी जगदंबा प्रसाद तिवारी का कहना है कि मंदिर परिसर में विवाद के बाद कोई अप्रिय घटना न हो। इसलिए मुख्य गेट को बंद कर दिया गया है। थानाध्यक्ष कुबेर तिवारी ने बताया कि गेट पर ताला लगने की जानकारी नहीं है। विवाद के बाद मंदिर परिसर में एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात की गई है।

अधिशासी अभियंता का वेतन रुका, लेखपाल को प्रतिकूल प्रविष्टि
कर्नलगंज तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम डा. उज्जवल कुमार व एएसपी शिवराज ने लोगों की फरियाद सुनी। इस दौरान कुल 103 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। सभी प्रार्थना पत्रों को समय से निस्तारण करने के लिये डीएम ने मातहतों को निर्देशित किया। एसडीएम हीरालाल ने बताया कि जन सुनवाई के दौरान डीएम के संज्ञान में राजस्व निरीक्षक भानु प्रताप वर्मा द्वारा शिकायतों के निस्तारण में गलत रिपोर्ट लगाए जाने की सूचना पर उन्हांने कड़ी नाराजगी जताते हुए फटकार लगाई। साथ ही विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिये। कौड़हा जगदीशपुर की लेखपाल प्रियंका को झूठी आख्या प्रेषित करने के आरोप में प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। तहसील दिवस के दौरान डीएम ने अधिशासी अभियंता निर्माण खंड दो का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
भाजपा नेता ने प्रभारी मंत्री से मांगा सीवर लाइन
भारतीय जनता पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप मिश्रा ने देवीपाटन मण्डल के प्रभारी मंत्री को एक मांग पत्र देकर नगर में सीवर लाइन डलवाने की मांग किया है। प्रभारी मंत्री के जनपद आगमन पर उन्हें सौंपे पत्र में मिश्र ने कहा है कि देवीपाटन मण्डल का मुख्यालय आज तक उपेक्षित है। यहां के लोगों द्वारा लगातार नगर पालिका परिषद क्षेत्र में सीवर लाइन की माँग की जा रही है। परन्तु आज तक आम जनमानस की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया। पूरे शहर में जलभराव से भारी कठिनाई होती है। आपसे आग्रह है कि जनहित की कठिनाईयों एवं आम जनमानस की मांगों को दृष्टिगत रखते हुए गोंडा नगर पालिका परिषद में सीवर लाइन की स्वीकृति दिलाए जाने का कष्ट करें।
मुख्य सेविकाओं की रोजाना कार्यालय उपस्थिति अनिवार्य
बाल विकास और पुष्टाहार विभाग के डीपीओ मनोज कुमार के आदेश को प्रभारी डीपीओ धर्मेन्द्र गौतम ने पलट दिया है। शनिवार को जारी कार्यालय आदेश में प्रभारी डीपीओ ने कहा है कि मुख्य सेविकाएं रोज सुबह अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार फील्ड में जाएं। साथ ही मुख्यालय पर पहुंचकर बायोमीट्रिक हाजिरी लगाएं। हर कार्य दिवस में ऐसा न करने पर उन्हें गैर हाजिर मानते हुए उनका मानदेय रोक दिया जाएगा। इससे पूर्व डीपीओ ने मुख्य सेविकाओं की परियोजना कार्यालय पर सप्ताह भर में सिर्फ दो दिन की हाजिरी को जरूरी करते हुए अन्य दिनों में फील्ड में कार्य करने का निर्देश दिया था।
बीएसए ने निलम्बित किए दो प्रधान अध्यापक
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह ने भ्रष्टाचार व लापरवाही के आरोप में दो प्रधानाध्यापकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्होंने बताया कि इटियाथोक शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बिरमापुर में गांव के ही एक मदरसा में पढ़ रहे छात्रों का नामांकन दर्शा कर मिडडे मील का बजट हड़पा जा रहा था। इसका खुलासा होने पर शनिवार को प्रधानाध्यापक आलमगीर को निलंबित कर दिया है। प्रकरण की जांच के लिए हलधरमऊ के बीईओ रियाज अहमद और पंडरी कृपाल के बीईओ अजय कुमार त्रिपाठी की टीम बनाई गई है। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही बभनजोत ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बढौलीपुर में स्वतंत्रता दिवस पर मर्यादा का उल्लंघन करने के आरोप में प्रधानाध्यापक गुलाम हुसैन को निलम्बित कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच छपिया के खंड शिक्षा अधिकारी अंजनी कुमार सिंह को सौंपी है। उन्होंने बताया कि स्वाधीनता दिवस पर बच्चों के कार्यक्रम में बाहरी लोगों से डांस कराने और अश्लील गाना बजाने से स्कूल का वातावरण प्रभावित हुआ है। उन्होंने चेतावनी दिया कि लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गुलजार हो गई नेत्र विभाग की ओपीडी
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के निर्देश पर सीएमओ डा. रश्मि वर्मा ने डिप्टी सीएमओ डा. जय गोबिंद को स्थानीय व्यवस्था के तहत जिला चिकित्सालय के नेत्र विभाग के ओपीडी में बैठने का आदेश दिया है। विभाग में किसी अन्य डाक्टर की तैनाती होने तक वह ओपीडी का अतिरिक्त कार्य करते रहेंगे। सीएमओ ने बताया कि स्थानीय व्यवस्था व मरीजों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उन्हें वहां सम्बद्ध किया गया है। नेत्र विभाग में तैनात डा. संजय शर्मा व डा. पीके श्रीवास्तव के स्थानांतरण तथा डॉ. विकास सेठी की मौत के कारण नेत्र विभाग चिकित्सक विहीन हो गया था और ओपीडी ठप हो गई थी। जिले के दौरे पर आए डिप्टी सीएम ने स्थानीय स्तर पर तुरंत चिकित्सक की व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे।
पड़ोसी पर छेड़खानी का आरोप, मुकदमा दर्ज
जिले के मनकापुर थाना क्षेत्र के बुटहा नरायन पुर ग्रन्ट की निवासिनी एक महिला ने अपने पड़ोसी लाल बाबू उर्फ झाली के विरुद्ध छेड़खानी का अभियोग दर्ज कराया है। शिकायत में उसने कहा है कि बीते 18 अगस्त की शाम करीब आठ बजे घर से शौच के लिए बाहर निकलने पर गांव के ही लालबाबू आकर छेड़खानी करने लगे। चिल्लाने पर उसके परिजनों के पहुंचने पर वह मौके से फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि अभियोग दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
यंग अचीवर्स एवार्ड के लिए 26 तक करें आवेदन
यंग अचीवर्स अवार्ड पाने के इच्छुक छात्र छात्राओं को 26 अगस्त के पहले ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके आधार पर 11 सितम्बर को उनकी ऑनलाइन परीक्षा कराई जाएगी। यह जानकारी देते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि योजना के तहत ऐसे बच्चे पात्र हैं, जिनके अभिभावकों की कुल वार्षिक आय ढाई लाख अथवा इससे कम है। परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदन करने के लिए आधार नम्बर से जुड़ा बैंक खाता, जाति प्रमाण पत्र व आय प्रमाण पत्र देना होगा। बैंक खाते का आधार से लिंक होने को अनिवार्य किया गया है। योजना में अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्र एवं छात्राएं शामिल होंगी। कक्षा 9 से 10 के छात्र छात्राओं को 75 हजार रुपया तथा कक्षा 11 व 12 के छात्र छात्राओं को सवा लाख रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी, जिसमें हास्टल व स्कूल की फीस शामिल होगी। राजकीय व एडेड स्कूलों के प्रधानाचार्यों को सूचनाएं भेज दी गई है।
पति, ससुर, देवर व ननदों के खिलाफ एफआइआर
जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र के बरडीहा निवासी राम सुभाष की पुत्री कमलेश कुमारी पत्नी राहुल कुमार गिरि ने अपने पति समेत छह ससुराली जनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का अभियोग दर्ज कराया है। महिला थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में उन्होंने कहा है कि उसके पति राहुल, ससुर पाटेश्वरी प्रसाद, देवर अतुल कुमार तथा ननदें खुशबू, पूनम व मीरा निवासी गण ग्राम सेमरयांवा थाना पयागपुर जनपद बहराइच उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते हैं। उसका विवाह वर्ष 2018 में सम्पन्न हुआ था। ससुराली जन कम दहेज का ताना देते थे। वह करीब दो वर्ष से अपने दुधमुंहे बच्चे के साथ मायके में पड़ी है। थानाध्यक्ष पूनम यादव ने बताया कि कमलेश की तहरीर पर छह ससुराली जनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का अभियोग दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
धूमधाम से मना श्री कृष्ण जन्मोत्सव
नगर के पीपल चौराहे पर मां संतोषी माता मंदिर में श्री कृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। व्यवस्थापक भूपेंद्र आर्य ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्थानीय निवासियों के सहयोग भव्य आरती के पश्चात प्रसाद का वितरण हुआ व भक्तों को चंदन लगाकर उनका स्वागत किया गया। मंदिर की सजावट की व्यवस्था सैनी फ्लावर आर्ट के बुधराम सैनी व रोहित सैनी ने की चंदन, देवव्रत, पप्पू देवी प्रसाद ,अंकित, अजय विजय ,कुलदीप, राहुल त्रिवेणी आदमी अपना अमूल्य सहयोग प्रदान किया।
डीसीएम की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत
नगर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को डीसीएम की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। वह अपने घर से बड़गांव चौराहे की ओर जा रहा है। पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। शहर के खैरा खास निवासी सत्यम मिश्रा पुत्र लल्लन मिश्रा शनिवार सुबह लगभग 11 बजे स्कूटी से बड़गांव चौराहे की ओर आ रहा था। इसी दौरान स्टेशन रोड स्थित दुर्गा मंदिर के समीप विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही डीसीएम ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में सत्यम मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वहां काफी लोग एकत्रित हो गए। बडगांव चौकी प्रभारी प्रतीक पाण्डेय ने मौके पर पहुंचकर लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने डीसीएम ड्राइवर को पकड़ लिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
नव विवाहिता ने पति समेत पांच पर लिखाई एफआईआर
परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सरैयां के मिश्रन पुरवा निवासिनी कंचन ने अपने पति समेत पांच ससुराली जनों पर बाईक व दो लाख रूपए न देने पर पिटाई करके घर से भगाने का अभियोग स्थानीय थाने में दर्ज कराया है। कंचन ने अपने पति थाना कटरा बाजार निवासी मोहित चौबे, ससुर नंद बिहारी चौबे, सास श्रीमती माधुरी चौबे तथा देवर रोहित व शोभित चौबे पर दहेज उत्पीड़न, अपशब्द कहने, मारपीट व धमकी का केस दर्ज कराया है। रिपोर्ट में पीड़ि़ता ने कहा है कि माह दिसम्बर 2020 में उसकी शादी मोहित चौबे के साथ हुई थी। इसके बाद बाईक व दो लाख रूपए की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता रहा। कुछ दिनों बाद उसे घर से निकाल दिया गया। बाद में ससुराली जन उसके मायके आकर सादे स्टैम्प पेपर पर हस्ताक्षर करने के लिए दबाव बनाने लगे। मना करने पर मारपीट किया। महिला थाने पर भी मामला गया किन्तु कोई निपटारा नहीं हुआ। अलबत्ता वहां भी पैसा मांगा गया। इसके बाद कंचन ने डीआईजी का दरवाजा खटखटाया। उनके निर्देश पर परसपुर थाने में अभियोग दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि प्रकरण में भादवि की धारा 498ए, 323, 504, 506 व 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर विवेचना सत्येन्द्र वर्मा को सौंपी गई है।

किशोर के दो हत्यारोपी गिरफ्तार
मोतीगंज थाना क्षेत्र कनौता गांव के फारूक का बेटा सुहेल (12) बीती 26 फरवरी की शाम घर के पास खेलते समय लापता हो गया था। परिजनों ने बहुत खोजबीन की लेकिन उसका कहीं अता पता नहीं चल पाया था। 27 फरवरी को एक शौचालय के पास से उसकी लाश बरामद की गई थी। इस सम्बंध में परिजनों ने स्थानीय थाने पर हत्या कर साक्ष्य को मिटाने का मुकदमा दर्ज करवाया था। थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि विवेचना व साक्ष्य संकलन के दौरान गज्जर उर्फ शाह मोहम्मद व बुग्गा उर्फ कलीमुनिशा की मासूम की हत्या में शामिल होना पाया गया। इसके बाद शनिवार को कनौता गांव से उन दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि मासूम बालक की हत्या गला दबाकर की गई थी।
सड़क हादसे में तीन गंभीर
वजीरगंज थाना क्षेत्र के तुर्काडीहा बाजार निवासी डा. सतीश चौहान व रितेश कुमार अपने बाजार से अपनी भांजी को लेकर बाइक से डुमरियाडीह बाजार जा रहे थे। बंधवा-रौजा मार्ग पर एक अनियंत्रित वैन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में डुमरियाडीह की नैना (05) पुत्री रविकांत का पैर कट गया और डा. सतीश चौहान के पैर टूट गया और जांघें भी फट गई हैं। वहीं रितेश कुमार का पैर तीन जगह टूट गया है। पांच वर्षीय नैना का इलाज ट्रामा सेंटर लखनऊ में तथा दो अन्य का एससीपीएम हास्पिटल में इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष चंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी वाहन चालक दुर्गेश शुक्ला पुत्र रमाकांत शुक्ला निवासी हलियाडीह मछली बाजार थाना क्षेत्र कोतवाली मनकापुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
पांच नए कोरोना संक्रमित मिले
बलरामपुर जिले में चार प्रवासी समेत पांच नए लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। यह मुम्बई से लौटे थे। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सुशील कुमार ने बताया कि मुम्बई से लौटे ललिया व शिवपुरा क्षेत्र के चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा श्रीदत्तगंज के मुजहनी निवासी एक व्यक्ति अपना इलाज कराने के लिए एससीपीएम हास्पिटल गांडा गया था, जहां पर उसकी रिपोर्ट कोरोना संक्रमित पाई गई है। इस प्रकार कुल पांच लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी कोरोना संक्रमित मरीजों को कोविड प्रोटोकॉल के तहत इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले में कुल आठ ऐक्टिव कन्टेंमेंट जोन बनाए गए हैं। सीएमओ ने बताया कि लोगों को कोविड प्रोटोकाल का पालन करना चाहिए, क्योंकि अभी भी कोविड का संकट टला नहीं है।
यह भी पढें : मुख्यमंत्री आवास के नाम पर 53 हजार की ठगी
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोंडा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310
