आगरा(हि.स.)। आगरा के सदर थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी में सोमवार दोपहर एक रेलवे अधिकारी के घर बदमाश घुस गए। बदमाशों ने तमंचे के बल पर अधिकारी की पत्नी को पकड़ लिया और डराने का प्रयास करने लगे। अधिकारी और परिजनों के साहस के बल पर बदमाश तमाचा छोड़ वहां से भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी की मदद से बदमाशों की छानबीन में जुटी हुई है।
मामला आगरा के सदर थाना क्षेत्र के ईदगाह रेलवे कॉलोनी का है। यहां रहने वाले सीनियर सेक्शन इंजीनियर एम के अग्रवाल के घर आज दोपहर कुछ बदमाश घुस गए और रेलवे अधिकारी की पत्नी पर तमाचा तान दिया। मिली जानकारी के अनुसार, एम0 के0 अग्रवाल की पत्नी विनीता दोपहर में अपने घर की सफाई कर रही थी। इसी दौरान दो बदमाश घर में घुस गए और उनको पकड़ लिया। बदमाशों ने आवाज न हो इसके लिये विनीता अग्रवाल का मुंह बंद कर दिया। घर के दूसरे कमरे में मौजूद एम के अग्रवाल और उनके बेटे ने किसी तरह की आहट सुनकर बाहर आये तो सामने बदमाशों को देखकर दंग रह गए। किसी प्रकार साहस जुटाकर वे दोनों बदमाशों से भिड़े। जिस कारण बदमाश भयभीत हो गए और तमंचा वहीं छोड़ भाग गए।
सूचना पर पहुंची सदर थाना पुलिस और रकाबगंज पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गयी है। घर के लोगों की बयान के पश्चात आस-पास के सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से बदमाशों की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार, बदमाशों की संख्या तीन थी। उनमें से दो बदमाश अंदर वारदात को अंजाम देने घुसे थे और उनका तीसरा साथी उनका बाइक पर इंतजार कर रहा था। इस घटना के बाद से रेलवे कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल देखने को मिल रहा है।
श्रीकांत
