-उपमुख्यमंत्री केशव बोले मुख्यमंत्री योगी का सराहनीय काम, आगरा सांसद ने किया स्वागत
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगरा में निर्माणाधीन मुगल म्यूजियम का नाम छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर करने के ऐलान का नेता समर्थन कर रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को कहा कि इसके लिए मैं मुख्यमंत्री जी को बधाई देता हूं। पराधीनता का जो भी प्रतीक है या जिसमें से गौरव की अनुभूति नहीं होती, मुगल म्यूजियम का नाम बदल कर के छत्रपति शिवाजी करना निश्चित तौर से बहुत सराहनीय काम है।
वहीं आगरा के सांसद एसपी बघेल ने भी इसका स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि मैं आगरा का सांसद होने के नाते मुख्यमंत्री योगी आदित्य का आभार प्रकट करना चाहूंगा कि उन्होंने आगरा में मुगल म्यूजियम का नाम छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम रखा है। उन्होंने कहा कि आगरा का इतिहास केवल 1526 के पानीपत युद्ध से लेकर 1857 के बहादुर शाह जफर के बीच का नहीं है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा में बन रहे मुगल म्यूजियम का नाम बदलने की घोषणा की है। उन्होंने सोमवार को वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगरा मण्डल के विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान कहा कि आगरा के मुगल म्यूजियम का नाम परिवर्तित कर छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर रखा जाए। यह संग्रहालय ताजमहल के पूर्वी गेट पर बन रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार राष्ट्रवादी विचारों को पोषित करने वाली है। गुलामी की मानसिकता के प्रतीक चिन्हों को छोड़, राष्ट्र के प्रति गौरवबोध कराने वाले विषयों को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। हमारे नायक मुगल नहीं हो सकते। शिवाजी महाराज हमारे नायक हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पर ट्वीट भी किया। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने योगी आदित्यनाथ के इस कदम की सराहना की है। फडणवीस ने मुख्यमंत्री योगी के एक ट्वीट को रिट्विट करते हुए लिखा कि जय जिजाऊ, जय शिवराय ।। छत्रपती शिवाजी महाराज की जय।
वहीं बॉलीवुड फिल्म अभिनेत्री कंगना कंगना रनोट ने भी इसका समर्थन किया है। कंगना ने अपने पूर्वजों का संबंध शिवाजी महाराज से बताया है। योगी आदित्यनाथ के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना ने दावा किया कि उनके पूर्वजों का संबंध शिवाजी महाराज से है। कंगना ने लिखा कि जिस तरह से महान नेता बाला साहेब ठाकरे के पूर्वज बिहार से आते हैं। उसी तरह कई थ्योरीज में महान शिवाजी महाराज का संबंध जयपुर के राजघराना से भी बताया गया है। मैं हिमाचल में पैदा हुई हूं। लेकिन, मेरे पूर्वजों रनोट का संबंध उदयपुर से है। हमारी कुल देवी मां अंबिका हैं।
