आगरा (हि.स.)। आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को विजिलेंस टीम ने छापा मारा। विजिलेंस टीम ने महिला अधिकारी के खिलाफ मिल रही शिकायत के आधार पर इस कार्यवाही को अंजाम दिया है। टीम ने मौके से ढाबा चलाने वाले एक युवक को भी गिरफ्तार किया है।
आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर आज गुरुवार को अचानक विजिलेंस टीम द्वारा छापा मारा गया। टीम ने रेलवे की एक महिला अधिकारी के खिलाफ मिल रही शिकायत के आधार पर ही आज इस कार्यवाही को अंजाम दिया। टीम ने स्टेशन पहुंचते ही पीआरएस कॉउंटर पर जांच पड़ताल की। मामले में टीम ने रांची के लिए जा रहे एक यात्री धनञ्जय को बुलाया। धनञ्जय से तत्काल बुकिंग के मामले में जानकारी ली गई।
धनञ्जय ने बताया कि वह बीएसएनल में काम करते हैं और विभाग के काम की वजह से व्यस्त होने के कारण उन्होंने स्टेशन के करीब ढाबा चलाने वाले अपने मित्र बबलू से टिकट बनवाया। इस मामले में टीम द्वारा बबलू से पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार बबलू के पास से टीम को तत्काल के टिकट बरामद हुए हैं। टीम द्वारा अचानक मारे गए छापे से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। इस मामले में रेलवे पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव के अनुसार उन्हें टीम के आने की जानकारी है लेकिन टीम किस मामले से आई है, उसका अभी पता नहीं चल पाया है।
श्रीकांत
