आगरा (हि.स.)। जनपद में सोमवार देर रात दो अलग-अलग जगहों पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया, जिसे आगरा के एसएन मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पहली घटना न्यू आगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पालीवाल पार्क की है, जहां देर रात पुलिस चेकिंग कर रही थी। उसी समय वहां दो बाइक सवार युवक आये। पुलिस द्वारा जब उनको संदिग्ध समझकर रुकने का इशारा किया गया तो वे वहां से भागने लगे। पीछा करने पर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके पश्चात पुलिस द्वारा जवाबी फायरिंग किये जाने पर उनमें से एक युवक घायल हो गया। जिसके बाद उसे फ़ौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दूसरी घटना एत्मादपुर थाना क्षेत्र की है, जहां चेकिंग के दौरान ही बाइक सवार संदिग्ध को पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर वो वहां से भागने लगा। पुलिस द्वारा पीछा किये जाने पर उसने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में वो घायल हो गया। पकड़े जाने के बाद उसे एसएन में भर्ती कराया गया।
इन घटनाओं के सम्बन्ध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पालीवाल पार्क में हुई घटना में घायल हुआ बदमाश ताजगंज के नगला मेवाती का शाहरुख है। जिसके साथ सदर के बाग रायपुर निवासी अरुण वशिष्ठ को भी मौके से गिरफ्तार किया गया। इन दोनों बदमाशों के कब्जे से पुलिस को एक पिस्टल, कारतूस और बाइक मिली है। ये दोनों बदमाश कई बार लूट के मामलों में जेल जा चुके हैं। वहीं, एत्मादपुर थाना क्षेत्र की मुठभेड़ में मंटोला निवासी अली शेर गिरफ्तार हुआ है जो गैंगस्टर के मुकदमे में वांछित है जिसके पास से पुलिस को बाइक और तमंचा बरामद हुआ है।
श्रीकांत
