बिजनौर ( हि.स.)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सर्विस परीक्षा में टॉप करने वाली श्रुति शर्मा का जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बुधवार को अपने कार्यालय में सम्मानित किया। आईएएस टॉपर श्रुति शर्मा बिजनौर जिले के बास्टा कस्बे की रहने वाली हैं।
जिलाधिकारी ने श्रुति शर्मा को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में बुके एवं शाल देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा भी भेंट की। जिलाधिकारी मिश्रा ने कहा कि आज के दौर में महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और अपने गांव, प्रदेश के साथ-साथ देश का नाम भी रोशन कर रही हैं। उन्होंने श्रुति शर्मा को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए कामना की है। इस अवसर पर मौजूद श्रुति शर्मा के माता-पिता का भी शाल ओढ़ाकर जिलाधिकारी ने सम्मान किया।
नरेन्द्र
