-गिरोह के सरगना पति-पत्नी समेत पांच गिरफ्तार
-चार बैंक खातों में तीन करोड़ 80 लाख की हुई ट्रांजेक्शन
गाजियाबाद (हि.स.)। सिहानी गेट पुलिस वेद साइबर सेल टीम ने शुक्रवार को एक ऐसे सेक्स रैकेट का खुलासा किया है, जिसमें महिलाएं व्हाट्सएप पर अश्लील चैट करके लोगों को ब्लैकमेल कर करोड़ों रुपये का धन ऐंठ चुकी हैं। पुलिस ने रैकेट के सरगना को उसकी पत्नी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन अन्य महिलाएं हैं।
खास बात यह है कि इस गिरोह के तार आस्ट्रेलिया में रहने वाले सोनू नाम के युवक से जुड़े थे और पुलिस ने अभी तक आठ बैंक डिटेल खंगाली है। उसमें चार खातों में 3 करोड़ 80 लाख रुपये की ट्रांजैक्शन हुई है। साथ ही राजकोट गुजरात के रहने वाले प्रसार नाम के युवक ने लोगों से 80 लाख रुपये की ठगी करके सिम को तोड़ दिया था।
पुलिस अधीक्षक नगर प्रथम निपुण अग्रवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में मरियम नगर घूकना निवासी योगेश गौतम उसकी पत्नी सपना गौतम इस गिरोह के मुख्य कर्ता धर्ता हैं। उनके साथ जटवाड़ा निवासी निकिता, जस्सीपुरा निवासी निधि तथा प्रेम नगर निवासी प्रिया को भी गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि इनके कब्जे से एटीएम कार्ड, सिम लैपटॉप, वेब कैमरा और नकदी बरामद हुई है। यह गिरोह पिछले दो साल से सक्रिय था। इस गैंग में शामिल महिलाएं चैट के बहाने न्यूड वीडियो सेव कर लेती थी और उसके बाद उन्हें सोशल साइट पर डालने की धमकी देकर अपने जाल में फंसाये युवकों से मोटी रकम ऐंठती थी।
अग्रवाल ने बताया कि गिरोह के आठ अकाउंट्स प्रकाश में आए हैं, जिनमें से चार की डिटेल अभी तक मिल चुकी है। उन्होंने बताया कि यह गिरोह जो लड़कियां न्यूड व अश्लील चैट करती थी। उनको यह लोग 25 हजार रुपये महीना वेतन देते थे, जो सिर्फ ग्राहकों से अश्लील बातें करती थी। उन्होंने बताया कि राजकोट पुलिस से सूचना मिली थी कि राजकोट गुजरात निवासी तुषार ने इस गिरोह के जरिए 80 लाख रुपये की ठगी विभिन्न लोगों से की थी और सिम तोड़ दी थी। जिसके बाद गाजियाबाद पुलिस ने जांच पड़ताल करने के बाद इस गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
