लखनऊ(हि.स.)। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री को लेकर छह माह के भीतर की गई कार्रवाई का लेखा जोखा शनिवार को आबकारी विभाग ने बताया है।
आबकारी आयुक्त सेंथिल पांडियन सी ने बताया कि, प्रदेश में बीते छह माह में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की गयी है। आबकारी विभाग ने इन छह माह में कुल 43,621 मुकदमे दर्ज कराए हैं।
आबकारी आयुक्त ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में 512 वाहनों को भी जब्त किया गया। इसी दौरान 1252 लाख लीटर अवैध शराब भी बरामद की गई है। बताया कि शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त 14,557 व्यक्तियों की गिरफ्तारी की गई है।
उन्होंने आगे बताया कि बीते दिनों आबकारी मंत्री की बैठक में दिये गये आकड़ों के अनुसार सितम्बर माह, 2022 तक 1856160 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया गया है। जो गत वर्ष सितम्बर माह में प्राप्त हुए राजस्व 1602459 करोड़ की तुलना में 253701 करोड़ अधिक है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार को गत वर्ष के सापेक्ष इस अवधि में लगभग 16 प्रतिशत अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है। आने वाले वक्त में इसी क्रम को जारी रखने का प्रयास किया जायेगा।
शरद
