Sunday, March 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेश अवध क्षेत्र की सभी लोकसभा सीटें जीतना हमारी प्राथमिकता : कमलेश मिश्रा

 अवध क्षेत्र की सभी लोकसभा सीटें जीतना हमारी प्राथमिकता : कमलेश मिश्रा

-नव नियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष ने पार्टी नेतृत्व का जताया आभार

लखनऊहि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अवध क्षेत्र के नव नियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने खुद के चयन को लेकर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि संगठन ने हमें जो जिम्मेदारी सौंपी है, पार्टी की रीति नीति पर चलते हुए पूरी मेहनत व निष्ठा के साथ उस पर खरा उतरने का काम करूंगा।

अवध क्षेत्र के नव नियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने हिन्दुस्थान समाचार से रविवार को बात करते हुए कहा कि अवध क्षेत्र की सारी लोकसभा सीट जीतकर पार्टी की झोली में डालने का काम करूंगा। यह सब हम अकेले नहीं बल्कि सभी कार्यकर्ता मिलकर करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्नाव में हमें जिला प्रभारी बनाकर पार्टी ने भेजा था। वहां पांच विधानसभा सीटें थीं। सौ प्रतिशत कभी कोई संगठन नहीं जीतता लेकिन हम सभी विधानसभा सीटें जीतकर आये।

कमलेश मिश्रा ने कहा कि रोटी, कपड़ा, मकान, दवाई, सिंचाई, शिक्षा और अच्छी सुशासन व्यवस्था सरकार दे रही है। हमें अन्त्योदय के लिए काम करना है। हमें संगठन का काम करना है। जिला से लेकर मण्डल, शक्ति केन्द्र, बूथ की कमेटी और पन्ना प्रमुख तक के तंत्र को मजबूत करना है।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल से नजदीकी के कारण उन्हें प्राथमिकता मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस नाते मुझे जिम्मेदारी नहीं दी गयी है। एक अच्छे कार्यकर्ता के रूप में जो संगठन ने जब भी हमें कोई जिम्मेदारी दी है, उसका हमने ठीक से निर्वहन किया है। मै समझता हूं कि इसलिए ही हमें अवध क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गयी है। काम के नाते अगर मुझे आशीर्वाद मिलता है, किसी के निकट हैं तो स्वाभाविक रूप में विद्यार्थी परिषद में मैंने काम किया है। सुनील बंसल ने भी विद्यार्थी परिषद में काम किया है। इस नाते उनसे निकटता है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह समेत अन्य वरिष्ठों की सहमति से ही मेरा चयन हुआ होगा।

कमलेश मिश्रा ने कहा कि ऐसा नहीं है कि मेरा चयन हुआ तो मैं सर्वश्रेष्ठ हूं। किसी एक व्यक्ति का चयन होना था। सभी कार्यकर्ता श्रेष्ठ हैं। मेरे संगठन की यही खूबसूरती है। यहां कोई भी अध्यक्ष हो सकता है। मै सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर काम करूंगा। यही हमारी पार्टी की कार्यपद्धति भी है।

भाजपा में विभिन्न दायित्वों के अलावा एबीवीपी में भी रहे

भाजपा के अवध क्षेत्र के नव नियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा मूलरूप से लखीमपुर जिले की निघासन तहसील के गांव झुन्नापुरवा के रहने वाले हैं। अभी तक वह अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रहे। इससे पहले वह भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री भी रहे हैं। भाजपा से पहले वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता रहे। उन्होंने झांसी, ललितपुर और लखीमपुर में विस्तारक के रूप में विद्यार्थी परिषद में काम किया है।

बृजनन्दन/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular