Friday, March 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअयोध्या में बनेगा पीएसी बटालियन का हेड क्वार्टर, भूमि चिन्हित

अयोध्या में बनेगा पीएसी बटालियन का हेड क्वार्टर, भूमि चिन्हित

अयोध्या(हि. स.)। श्रीराम जन्मभूमि की सुरक्षा में पीएसी की अहम भूमिका रही है। साढ़े तीन दशक पूर्व मंदिर आंदोलन का ज्वार उठने के बाद से ही पीएसी के सैकड़ों जवान 24 घंटे रामजन्मभूमि परिसर के साथ रामनगरी के अनेक स्थलों की सुरक्षा में ड्यूटी पर लगाये जाते हैं। लंबे समय से रामनगरी में ड्यूटी देने के बावजूद पीएसी के लिए समुचित आवास का संकट अभी भी बरकरार है। राम नगरी में पीएसी के जवानों को यत्र-तत्र कैंप में रहना पड़ता रहा है। अब पीएसी का यह संकट दूर होने वाला है। 
जिला मुख्यालय से ही लगे मसौधा ब्लॉक के ग्राम चांदपुर हरवंश में जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने पीएसी का बटालियन हेड क्वार्टर बनाने के लिए 25 एकड़ जमीन चिह्नित की है। इसकी सूचना शासन को भी भेज दी है। हालांकि इस संभावना में पेच भी फंस गया है। पीएसी की ओर से बटालियन हेड क्वार्टर बनाने के लिए दो सौ एकड़ भूमि की जरूरत बतायी जा रही है। 
पीएसी के अपर महानिदेशक बी के सिंह ने गुरुवार को बताया कि बटालियन के 1200 जवानों की आवासीय व्यवस्था, भोजनालय, प्रशिक्षण एवं खेल का मैदान, प्रशासनिक भवन आदि की  दृष्टि से देखा जाय, तो 25 एकड़ भूमि कम है। निरंतर संकुचित होती खाली भूमि के संकट और राम मंदिर निर्माण के साथ पर्यटन विकास की व्यापक तैयारियों के बीच रामनगरी और आस-पास के क्षेत्र में दो सौ एकड़ भूमि का प्रबंध आसान नहीं है। प्रशासन उम्मीदजदा है कि पीएसी हेड क्वार्टर के लिए भूमि प्रस्ताव पीएसी और शासन मान्य करेगा। प्रशासन का तर्क है कि बहुमंजिला भवन बनाकर बटालियन मुख्यालय के लिए भवन की जरूरत पूरी की जाय और खाली जगह का उपयोग प्रशिक्षण एवं खेल के मैदान के रूप में किया जाय। 

RELATED ARTICLES

Most Popular