अमरोहा(हि.स.)। नगर के आजाद रोड स्थित माधव सिनेमा घर की पुरानी बिल्डिंग को तोड़ते वक्त दीवार गिरने से उसमें दबकर रविवार को दो मजदूरों की मौत हो गई। सात लोग घायल हैं। पुलिस ने स्थानीय लोग की मदद से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना की जानकारी पर जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
नगर के रहने वाले कमलेश चंद अग्रवाल का आजाद रोड पर माधव सिनेमा घर है। पिछले तीन महीने से ठेकेदार जहीर के नेतृत्व में हॉल की पुरानी बिल्डिंग गिराई जा रही थी। पुरानी बिल्डिंग हटाकर इसमें नया निर्माण होना था। रोजाना की तरह रविवार की सुबह भी मजदूर हॉल की पुरानी दीवार तोड़ने का कार्य कर रहे थे। लगभग 12 फिट ऊंची दीवार में छह फिट का छज्जा था। उसको तोड़ते वक्त दीवार छज्जा समेत भर-भराकर नीचे गिरा। मलबे में सभी मजदूर दब गए। इस घटना से अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत बचाव कार्य करते हुए सभी मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान काली पगड़ी निवासी यासीन (19) और रफीक (45) को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी होते ही जिलाधिकारी राजेश कुमार त्यागी, पुलिस अधीक्षक आदित्य लांगहे, एसडीएम प्रतिभा सिंह, सीएफओ अनिल कुमार समेत आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की जांच की, जिसमें ठेकेदार की लापरवाही सामने आई है। बिल्डिंग निर्माण की अनुमति ली गई थी या नहीं इसकी भी जांच होगी।
दीपक/दिलीप
