प्रयागराज (हि.स.)। अपना दल (कमेरावादी) द्वारा 22 अक्टूबर को पूर्वाहन 11 बजे से सामाजिक न्याय, रोजगार एवं किसानों के अधिकारों के सवाल पर सारनाथ स्थित महाबोधि इंटर कॉलेज के पास से ट्रैक्टर यात्रा प्रदेश भर के विभिन्न जनपदों के लिए निकाली जाएगी। यात्रा का नेतृत्व करते हुए अपना दल की राष्ट्रीय नेता श्रीमती पल्लवी पटेल स्वयं लगभग 1200 किलोमीटर ट्रैक्टर चलाएंगी।
यह जानकारी अपना दल के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य इंजीनियर मो. इश्तियाक ने देते हुए बताया कि अधिकार ट्रैक्टर यात्रा की तैयारी बैठक में यह तय किया गया कि 22 अक्टूबर को सारनाथ वाराणसी से शुरू होकर यह यात्रा 23 को जौनपुर जायेगी। उन्होंने बताया कि 24 को प्रतापगढ़, 25-26 को प्रयागराज गंगा पार होते हुए कौशाम्बी 27 को, फतेहपुर 28 को, बांदा 29 को और प्रयागराज यमुनापार होते हुए 30 को मिर्जापुर से वाराणसी में आकर समाप्त होगी। उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को सरदार पटेल जयंती पर अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा पटेल वाराणसी में विशाल जनसभा को सम्बोधित करेंगी एवं मूर्ति का अनावरण किया जायेगा।
