Sunday, April 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअपना दल (एस) के राष्ट्रीय अधिवेशन में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का होगा...

अपना दल (एस) के राष्ट्रीय अधिवेशन में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का होगा चयन

– इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में चार नवम्बर को होना वाला है राष्ट्रीय अधिवेशन, तैयारियां में जुटे कार्यकर्ता

लखनऊ (हि.स.)। केन्द्र व प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में प्रमुख सहयोगी दल अपना दल (एस) का चार नवम्बर को राष्ट्रीय अधिवेशन होने जा रहा है। यह अधिवेशन इसलिए भी खास है कि राज्य स्तरीय पार्टी का दर्जा मिलने के बाद पहली बार अधिवेशन होगा और इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष का भी चयन किया जाएगा।

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि अपना दल (एस) को राज्य स्तरीय पार्टी का दर्जा मिलने के बाद शुक्रवार को राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाले अधिवेशन को लेकर कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं। अधिवेशन में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल एवं पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और उप्र सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल के साथ-साथ पार्टी के राष्ट्रीय, प्रदेश पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी के सदस्यों के अलावा सभी जिलों के जिलाध्यक्ष सहित राज्य भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।

इस दौरान कार्यकर्ता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। इसके बाद पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में उनके दिशा-निर्देश पर पार्टी की गतिविधियों को और गति देने के लिए आगामी कार्यक्रम भी तय किए जाएंगे।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अपना दल (एस) प्रदेश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सामने आई है। इस ऐतिहासिक सफलता के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने पार्टी को राज्य स्तरीय पार्टी का दर्जा दिया है। राज्य स्तरीय दर्जा मिलने के बाद पहली बार अपना दल (एस) का राष्ट्रीय अधिवेशन लखनऊ होने जा रहा है।

मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular