-सपा अध्यक्ष ने विजयादशमी पर्व की दी बधाई
-सदमार्ग पर चलने और आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देता है पर्व : अजय लल्लू
लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विजयादशमी पर्व पर बधाई देते हुए कहा है कि अन्याय और अहंकार की ताकतें हमेशा पराजित होती रही हैं। न्याय और सत्य की जीत होती है।
उन्होंने कहा कि विजयादशमी पर्व का यही संदेश है कि नकारात्मक सोच और सामाजिक सौहार्द को हानि पहुंचाने वाली ताकतों का विरोध हर स्तर पर होना चाहिए। हमें विजयादशमी का पर्व मिलजुलकर मनाना चाहिए। अन्याय, अनीति और उत्पीड़न करने वाले को समाज कभी मान सम्मान नहीं देता है।
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने प्रदेश वासियों को महानवमी, दशहरा के पावन पर्व पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके सुख एवं समृद्धि की कामना की है। उन्होंने कहा है कि दशहरा का पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय एवं असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है, अन्याय पर न्याय की विजय का संदेश देता विजयादशमी का पर्व सदमार्ग पर चलने और आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि विजयादशमी के दिन भगवान श्री राम ने बुराई के प्रतीक रावण का वध किया था। इसी दिन मां भगवती देवी दुर्गा ने महिषासुर का वध किया था। यह पर्व हमें भगवान राम के सिद्धान्तों पर चलने के लिए प्रेरित करता है। यह पर्व हमें समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर करने और सत्य की राह पर चलने की प्रेरणा देता है। अहंकार, अन्याय और अवगुणों से दूर रहकर मानव कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है।
अन्याय-उत्पीड़न करने वाले को समाज कभी नहीं देता सम्मान : अखिलेश
RELATED ARTICLES
