Tuesday, March 31, 2026
Homeविधि एवं न्यायअडानी-हिंडनबर्ग मामले पर सुप्रीम कोर्ट में 10 फरवरी को होगी सुनवाई

अडानी-हिंडनबर्ग मामले पर सुप्रीम कोर्ट में 10 फरवरी को होगी सुनवाई

नई दिल्ली(हि.स.)। सुप्रीम कोर्ट अडानी पर हिंडनबर्ग रिपोर्ट के मसले पर 10 फरवरी को सुनवाई करेगा। वकील मनोहर लाल शर्मा ने चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली बेंच के सामने जल्द सुनवाई की मांग की थी। नतीजतन, कोर्ट ने 10 फरवरी को सुनवाई करने का आदेश दिया।

मनोहर लाल शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर निर्दोष निवेशकों का शोषण और उनके साथ धोखाधड़ी करने के लिए शार्ट सेलर के खिलाफ जांच किए जाने की मांग की है। याचिका में हिंडनबर्ग रिसर्च के संस्थापक नाथन एंडरसन और भारत में उनके सहयोगियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 120बी और सेबी के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। शर्मा की याचिका में शार्ट सेलर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए निवेशकों को मुआवजा दिए जाने की भी मांग की गई है।

याचिका में यह सवाल भी पूछा गया है कि क्या यह सेबी की जिम्मेदारी नहीं थी कि वो शॉर्ट सेलिंग पर रोक लगाए। याचिका में कहा गया है कि रिसर्च रिपोर्ट के बाद अडानी के शेयर्स की शॉर्ट सेलिंग हुई। इसकी वजह से शेयर मार्केट में भारी गिरावट हुई है।

इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक और याचिका वकील विशाल तिवारी ने दायर की है। इस याचिका में कहा गया है कि भारत की संप्रभुता के लिए यह आवश्यक है इसकी जांच की जाए। याचिका में बड़े कारपोरेट घरानों को दिए जाने वाले लोन को स्वीकृति देने के लिए बनाई गई नीति की देखरेख के लिए एक विशेष कमेटी गठित किए जाने की मांग की गई है।

संजय/सुनीत

RELATED ARTICLES

Most Popular