Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेश अडानी की कंपनियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोपों की जांच जेपीसी करे

 अडानी की कंपनियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोपों की जांच जेपीसी करे

कचहरी अम्बेडकर पार्क में विरोधी दलों के नेताओं ने दिया धरना,सरकार पर जमकर साधा निशाना

वाराणसी (हि.स.)। देश के नामी उद्यमी गौतम अडानी की कंपनियों के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाकर लामबंद विरोधी दलों के नेता केन्द्र सरकार पर जमकर निशाना साध रहे हैं। विरोधी दलों के नेता अडानी की कंपनियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोपों की जांच संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी)से कराने की लगातार मांग कर रहे हैं। सोमवार को कचहरी स्थित डॉ भीमराव अंबेडकर पार्क में बाबा साहब के प्रतिमा के पास धरना देकर स्थानीय विरोधी दलों के नेताओं ने भी मांग दोहराई। अडानी के खिलाफ हाथ से नारे लिखी तख्तियां लहरा जमकर नारेबाजी भी नेताओं ने की। अडानी की कंपनियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोपों की जांच संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से कराने की विपक्ष की मांग का समर्थन कर नेताओं ने कहा कि देश की जनता के सामने सच उजागर होना चाहिए।

कांग्रेस के नेता संजीव सिंह ने कहा कि हिंडनबर्ग रिसर्च रिपोर्ट के बाद देश की जनता में तरह तरह की आशंकाएं पैदा हुई हैं। अन्य नेताओं ने कहा कि दुनिया के दूूसरे नंबर के अमीर के कारोबार के बारे में जिस तरह के बड़े घोटाले की रिपोर्ट सामने आई है, वह बिना सरकार के सहयोग के संभव नहीं है। गौतम अडानी के शेयरों में बैक और एलआईसी के करोड़ों रुपए लगे हुए हैं।यह रुपए आम जनता के हैं,वहीं फर्जी सेल कंपनियों के माध्यम से अडानी के शेयरों में जो पैसा लगा है, वह देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। एक पूँजीपति के मुनाफे में अपार वृद्धि करने के लिए जनता और देश के साथ धोखाधड़ी बहुत ही चिंता का विषय है। लोकतंत्र का तकाजा है कि एक ऐसे बड़े घोटाले जिसकी चर्चा देश की जनता में है और जिसमें जनता के करोड़ों रुपए डूबने की आशंका है, की जांच संयुक्त संसदीय समिति से कराई जानी चाहिए । विरोध-प्रदर्शन में कांग्रेस,समाजवादी पार्टी, सीपीएम, सीपीआई ,सीपीआई (माले),राजद ,लोकतांत्रिक जनता दल के पदाधिकारी शामिल रहे।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular