Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअग्निशमन उपाय को लेकर कुशीनगर के होटलों पर सख्ती

अग्निशमन उपाय को लेकर कुशीनगर के होटलों पर सख्ती

– एक दर्जन होटल व हॉस्पिटल कार्रवाई की जद में

कुशीनगर (हि.स.)। बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर स्थित होटल, नर्सिंग होम व हॉस्पिटल अग्निशमन सुरक्षा के बनाए गए मानक पर खरे नहीं पाए गए हैं। एसडीएम ने जांच पश्चात इनके प्रबंधकों को नोटिस देकर मानक पूरा करने को कहा है। नोटिस के बाद जगे संस्थान प्रबन्धक अग्निकांड की स्थिति में सुरक्षा उपायों का प्रबंधन करने में जुट गए हैं।

इसी क्रम में गुरुवार को होटल रायल रेजीडेंसी में लगाए गए नए अग्निशमन संयंत्र का परीक्षण किया गया। दूसरी तरफ नोटिस के बाद भी कई संस्थानों में कोई सुगबुगाहट नहीं है।

दरअसल सितम्बर माह में लखनऊ के हजरतगंज स्थित होटल में आग लगने से पांच लोगों की मौत हो जाने के बाद अग्निशमन विभाग सक्रियता बढ़ गई। अग्निशमन अधिकारी द्वितीय सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में होटलों की जांच की गई। जिसमें एक दर्जन से अधिक होटल व हॉस्पिटल मानक पर खरे नहीं पाए गए। इनके पास अग्निशमन विभाग की एनओसी भी नहीं थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद एसडीएम कल्पना जायसवाल ने प्रबंधन को नोटिस भेज कर मानक का अनुपालन कर एनओसी लेने का निर्देश दिया। किंतु अभी भी कई संस्थान सुरक्षा उपाय को लेकर लापरवाही बरत रहे हैं।

बड़े भवनों में अग्निशमन उपकरण भी नहीं

जिले के अनेक होटल व हॉस्पिटल में अग्निशमन उपकरण तक नही हैं। कहीं उपकरण लगे भी हैं तो आग लगने की स्थिति में कितने कारगर होंगे यह न तो प्रबंधन जानता है और न कार्यरत कर्मचारी। कई होटल ऐसी जगह पर हैं जहां दमकल वाहन मुश्किल से पहुंच पायेंगे। कई भवनों में आकस्मिक खिड़की, दरवाजा तक नहीं है। कई भवनों में फायर अलार्म व रेत से भरी बाल्टियां तक नहीं रखी गई हैं। जिससे अग्निकाण्ड की स्थिति में सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

एसडीएम कल्पना जायसवाल ने बताया कि बड़े भवनों के लिए अग्निशमन उपाय अनिवार्य शर्त है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं है। सम्बंधित सभी संस्थानों का पुनः जांच कराकर सत्यापन किया जाएगा। यदि कमी मिली तो कड़ी कार्रवाई होगी।

गोपाल

RELATED ARTICLES

Most Popular