Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअग्निवीर भर्ती रैली में गाजीपुर के 672 अभ्यर्थियों ने पार की पहली...

अग्निवीर भर्ती रैली में गाजीपुर के 672 अभ्यर्थियों ने पार की पहली बाधा

दौड़ में 4852 युवाओं ने भागीदारी की,गाजीपुर जनपद के सैदपुर, कासिमाबाद तहसीलों के अभ्यर्थियों ने दिखाया दमखम

वाराणसी (हि.स.)। भारतीय थल सेना के अग्निवीर भर्ती रैली में 14वें दिन मंगलवार को छावनी क्षेत्र स्थित रणबांकुरे मैदान में अलसुबह ठंड और कोहरे के बीच गाजीपुर जनपद के सैदपुर, कासिमाबाद तहसीलों के अभ्यर्थियों ने दौड़ में दमखम दिखाया। गांव की पगडंडियों और सड़कों पर सालों अभ्यास करने वाले युवा अपने सपने को साकार करने के लिए रात तीन बजे से ही मैदान पर पहुंचने लगे थे। रजिस्टर्ड 7279 युवाओं में से 4852 ने भागीदारी की। इसमें 672 अभ्यर्थियों ने पहली बाधा पार कर सफलता पाई। जो पिछले 14 दिनों की तुलना में बेहतर संख्या रही।

सैन्य भर्ती कार्यालय के अनुसार बुधवार को गाजीपुर जनपद के सेवराई संत रविदास नगर के भदोही, ज्ञानपुर,औराई के अलावा चंदौली जनपद के मुगलसराय तहसीलों के 7587 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। 16 नवंबर से चल रही अग्निवीर भर्ती की प्रक्रिया 06 दिसम्बर तक चलेगी।

दौड़ में भाग लेने के पहले तड़के पहचान पत्र, फोटो, एडमिट कार्ड और अन्य डॉक्यूमेंट्स चेक वेरिफिकेशन के साथ ही युवाओं के दौड़ का क्रम शुरू हुआ। छावनी क्षेत्र स्थित रणबांकुरे मैदान के 400 मीटर वाले ट्रैक पर 4 चक्कर लगाकर 1600 मीटर की दौड़ युवाओं को लगानी पड़ रही है। इसके पहले अभ्यर्थी को 6 चेकिंग बूथ समेत शारीरिक दक्षता संबंधी टेस्ट देना पड़ा। चेकिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भोर में ही रेस शुरू कराई गई थी। भर्ती रैली से संबंधित सारी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी हो रही है। अभ्यर्थियों की मदद के लिए रणबांकुरे मैदान के आसपास सेना भर्ती कार्यालय की ओर से हेल्प डेस्क बनाए गए हैं।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular